रूम में AC नहीं चलने से रूठा दूल्हा, बिन दुल्हन लिए ही वापस लौटी बारात

एसी वाले कमरे और दहेज की मांग को लेकर दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष में जमकर हंगामा हुआ, इतना ही नहीं हाथापाई भी हो गई

Update: 2026-03-12 12:10 GMT

औरैया। यूपी के औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक शादी समारोह में अचानक विवाद हो गया। दरअसल एसी वाले कमरे और दहेज की मांग को लेकर दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष में जमकर हंगामा हुआ, इतना ही नहीं हाथापाई भी हो गई। जानाकारी के मुताबिक, दूल्हा पक्ष ने पांच लाख रुपये नकद की मांग की। इस बात पर विवाद बढ़ गया, तो पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, आखिर में बारात बिना दुल्हन लिए ही वापस लौट गई।

गोपाल मैरिज होम में आई थी बारात

जानकारी के अनुसार, कानपुर के पास परघई गांव से उदय पुत्र शिवशंकर की बारात बिधूना के गोपाल मैरिज होम में आई थी। बारात पहुंचने पर दुल्हन पक्ष ने परंपरा के मुताबिक, बारातियों का स्वागत किया और सभी रस्म पूरी की गई।

रिमोट को तोड़कर फेंक दिया

लड़की के परिजनों ने जानकारी दी कि लड़के वालों ने एसी और उसके रिमोट को लेकर झगड़ा करना शुरू कर दिया। लड़की के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि बारातियों ने रिमोट तोड़ दिया। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी, फिर मारपीट भी हुई।

महिलाओं समेत परिवार के अन्य लोगों के साथ की हाथापाई

दुल्हन पक्ष ने कहा कि दूल्हे पक्ष के लोगों ने महिलाओं समेत परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट की, उसके दोबारा पांच लाख रुपये देने की मांग करते हुए शादी से इनकार कर दिया। परिवार ने कहा कि शादी से पहले ही रस्म के अनुसार 21 डलिया फल, 21 जोड़ी कपड़े और करीब 1 लाख 80 हजार रुपये नकद दिए गए थे। इसके बाद भी लड़के वालो ने पांच लाख रुपये की मांग की।

बिना दुल्हन लिए लौटी बारात

जानकारी के मुताबिक, करीब 250 लोगों के साथ बारात आई थी। सभी ने मिलकर लड़की के कमरे में घुसकर बदतमीजी की। इसके बाद आज बिना दुल्हन लिए ही बारात वापस लौट गई।

पुलिस ने दी जानकारी

इस मामले को लेकर दोनों पक्ष बिधूना कोतवाली पहुंचे। दोनों पक्ष का आरोप है कि मामला दर्ज नहीं किया गया और पुलिस ने उनकी बात अनसुनी कर दी। वहीं पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


Tags:    

Similar News