जम्मू कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक आंधी, तूफान और बारिश का खतरा, दिल्ली में खिलेगी धूप

By :  Aryan
Update: 2025-03-24 03:44 GMT

नई दिल्ली। मौसम ने फिर एक बार करवट ली है। मौसम के बदलाव के चलते पहाड़ी इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना बन गई है। वही दिल्ली में धूप खिल रही है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतना शुरू कर दिया गया है। 


जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 मार्च तक आंधी, तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सोमवार से फिर मौसम के मिजाज में बदलाव आने वाला है। देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस से क्रमिक वृद्धि की संभावना है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से तेज बारिश हो सकती है।


 पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 24-28 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 26 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिन के दौरान गुजरात में पारा 2-3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है और इसके बाद 2-3 डिग्री तक नीचे आ सकता है। 24 और 25 मार्च को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर लू भी चल सकती है।

राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह आसमान साफ रहेगा। साथ ही, दिन के समय सूरज अपने तेवर दिखाएगा। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 व 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। ऐसे में गर्मी और सताएगी। साथ ही, तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

Tags:    

Similar News