टी20 वर्ल्ड कप भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला है महा-मुकाबला! जानें अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हुआ तो किसे होगा लाभ
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 स्टेज में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मैच अब करो या मरो का मुकाबला बन चुका है। वहीं इस मुकाबले में जो टीम हारेगी उसका वर्ल्ड कप का सपना टूट जाएगा। दरअसल, 1 मार्च 2026 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने वाला यह मुकाबला वर्चुअल क्वार्टर फाइनल की तरह है। ग्रुप 1 से दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला इसी मैच से होगा लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि अगर किसी वजह से ये मुकाबला रद्द हो जाता है तो क्या होगा?
मैच हुआ रद्द, तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?
ग्रुप 1 की पॉइंट्स टेबल में फिलहाल भारत और वेस्टइंडीज के बराबर पॉइंट्स हैं। वेस्टइंडीज 2 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं भारत के भी 2 पॉइंट्स हैं, लेकिन नेट रन रेट के चलते वह तीसरे नंबर पर है। ऐसे में ये मैच जीतने वाली टीम 4 पॉइंट्स के साथ सीधा सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन भारत और वेस्टइंडीज का मैच बारिश से धुल जाता है या नो रिजल्ट रहता है, तो ICC नियमों के अनुसार दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिलेंगे। इस स्थिति में दोनों टीमों के कुल पॉइंट्स 3-3 हो जाएंगे। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला नेट रन रेट (NRR) से होगा। वेस्टइंडीज का NRR +1.791 है, जो भारत के -0.100 से काफी बेहतर है।
दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप में 10 साल के बाद आमने-सामने होंगी
इसलिए बारिश या किसी और वजह से मैच रद्द होने की स्थिति में वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। जो भारतीय फैंस के लिए एक बड़ा झटका होगा।वेदर रिपोर्ट के अनुसार, 01 मार्च को कोलकाता में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मैच के वक्त भी मौसम बिल्कुल साफ रहने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि फैंस को पूरा मुकाबला देखने को मिलेगा और टीम अपने प्रदर्शन के दम पर ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी। हालांकि दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप में 10 साल के बाद आमने-सामने होंगी। वहीं पिछली बार भारतीय टीम को हार मिली थी।