भाजपा की नाकामी के चलते दिल्ली में महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित: अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को प्रेस कान्फ्रेंस कर अमित शाह के ऊपर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नाकामी के चलते दिल्ली में महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित हैं। अमित शाह के घर से चंद किलोमीटर दूर महिलाओं के साथ खतरनाक घटनाएं हो रही हैं लेकिन अमित शाह कुछ नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर होती जा रही है। पिछले डेढ़ साल से दिल्ली में अपराध बढ़ रहे हैं। व्यापारियों को जबरन वसूली के लिए फोन आ रहे हैं और हत्या और छेड़छाड़ के मामले बढ़ रहे हैं। कई सालों के बाद दिल्ली में गैंगवार देखने को मिल रहा है। आज लोग कहते हैं कि दिल्ली दुनिया की सबसे असुरक्षित राजधानी है।