नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन शिविर का शुभारंभ, लोगों को किया जाएगा जागरूक
-सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर बोले- सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शिविरों का आयोजन बेहद जरूरी
गाजियाबाद। ब्यूटीफुल टुमारो एनजीओ और रोटरी क्लब ऑफ बाम्बे ने चंद्रपुरी स्थित नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में आज से चार दिवसीय निशुल्क सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डीआईओएस राजेश श्रीवास ने विज्ञान प्रयोगशाला का भी उद्घाटन किया।
इस दौरान सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए इस तरह के शिविरों का आयोजन बेहद जरूरी है। इतना ही नहीं छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूक करना भी बेहद जरूरी है ताकि समय रहते इसको रोका जा सके। सीएमओ ने शिविर आयोजन के लिए संस्थानों का आभार जताया कि गरीब तबके की छात्राएं महंगा होने के कारण टीकाकरण नहीं करा सकती, ऐसे में निशुल्क टीका लगने से बड़ी संख्या में छात्राओं को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सकेगा।
स्कूल की प्रिंसीपल डॉ. अंतिमा चौधरी ने बताया कि कक्षा छह से 12वीं तक की करीब 15 सौ छात्राओं को यह टीकाकरण कराया जाएगा। इस संस्थानों की अच्छी पहल है ताकि इस बीमारी से छात्राओं को निजात दिलाई जा सके।
इस कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. चरण सिंह, डिप्टी मेयर राजीव शर्मा, रोटरी क्लब से मयूरी भसीन, रितेश, रूपेन्द्र चौधरी, डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. हेमलता राजपूत आदि मौजूद रहे।