Begin typing your search above and press return to search.
India News

इंफॉर्मा मार्केट्स की सीएसआर पहल से मुंबई के मरीजों को बड़ी राहत, जांच पर होगी सालाना 100 करोड़ से ज्यादा की बचत

Shilpi Narayan
9 Feb 2026 6:01 PM IST
इंफॉर्मा मार्केट्स की सीएसआर पहल से मुंबई के मरीजों को बड़ी राहत, जांच पर होगी सालाना 100 करोड़ से ज्यादा की बचत
x

मुंबई। भारत की प्रमुख बी2बी प्रदर्शनी आयोजक कंपनी इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया ने मुंबई में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 50 लाख की सीएसआर पहल शुरू की है। इस पहल के तहत जरूरी डायग्नोस्टिक मशीनें दान की गई हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सालाना 100 करोड़ से ज्यादा की बचत होने की उम्मीद है। इस कदम से महंगे मेडिकल टेस्ट की लागत काफी कम होगी और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।

विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम करती है

इस पहल के तहत इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया ने डॉ. आर. एन. कूपर म्युनिसिपल जनरल हॉस्पिटल (हिंदु हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) को एक आधुनिक केमिल्यूमिनेसेंस इम्यूनोऐसे (CLIA) एनालाइज़र दान किया है। यह अस्पताल मुंबई के पश्चिमी इलाकों के लिए एक प्रमुख सरकारी और तृतीयक देखभाल केंद्र है। यह सीएसआर कार्यक्रम चाइल्ड हेल्प फाउंडेशन के सहयोग से लागू किया गया है। यह संस्था देशभर में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम करती है।

बेहतर और सस्ती जांच तक पहुंच

CLIA एनालाइज़र एक अत्याधुनिक और अत्यंत संवेदनशील जांच प्रणाली है, जिसका उपयोग हार्मोन, ट्यूमर मार्कर, संक्रामक बीमारियों और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े टेस्ट में किया जाता है। यह मशीन तेज, सटीक और बड़े पैमाने पर जांच करने में सक्षम है, जिससे सरकारी अस्पतालों में इसका खास फायदा होगा।

दृष्टि से बेहद प्रभावशाली साबित हो रहा है

निजी लैब में ऐसे टेस्ट की कीमत आमतौर पर 1,200 से 2,500 तक होती है। लेकिन इस नई मशीन के जरिए डॉ. आर. एन. कूपर अस्पताल में वही जांच अब मात्र 150 से 200 में हो सकेगी। यानी मरीजों को 85 से 90 प्रतिशत तक की सीधी राहत मिलेगी। अनुमानित मरीजों की संख्या को देखते हुए, इस पहल से हर साल 120 से 240 करोड़ तक की कुल बचत संभव है। 50 लाख का यह निवेश सामाजिक दृष्टि से बेहद प्रभावशाली साबित हो रहा है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती

डॉ. आर. एन. कूपर म्युनिसिपल जनरल हॉस्पिटल, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा संचालित एक बड़ा सरकारी अस्पताल है। यह जुहू–विले पार्ले क्षेत्र के लिए प्रमुख इमरजेंसी और रेफरल अस्पताल है और एचबीटी मेडिकल कॉलेज के तहत शिक्षण संस्थान के रूप में भी काम करता है। यहां जनरल मेडिसिन, सर्जरी, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, मनोरोग, फेफड़ा रोग सहित कई विभागों में इलाज की सुविधा है। साथ ही एनआईसीयू, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड और आधुनिक जांच सेवाएं भी मौजूद हैं।

मरीजों को समय रहते इलाज मिल सकेगा

नई CLIA मशीन के जुड़ने से जांच में लगने वाला समय कम होगा, डॉक्टरों को सही फैसले लेने में मदद मिलेगी और मरीजों को समय रहते इलाज मिल सकेगा, जो अक्सर महंगे टेस्ट के कारण टाल दिए जाते थे। यह पहल इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया की उस सोच को दर्शाती है, जिसमें अस्थायी मदद के बजाय स्थायी ढांचा मजबूत करने पर जोर दिया जाता है।

टेस्ट की लागत कम कर रहे हैं

इस मौके पर इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश मुद्रास ने कहा, हम मानते हैं कि सीएसआर तब सबसे ज्यादा असरदार होती है, जब वह सिस्टम को मजबूत करें। सरकारी अस्पताल में जांच से जुड़ा ढांचा मजबूत करके हम इलाज की पहली सीढ़ी,टेस्ट की लागत कम कर रहे हैं, ताकि हर साल हजारों मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। यही वह लंबा और असरदार बदलाव है, जिसे हम लाना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा,एक संगठन के तौर पर हमने हमेशा ऐसी पहल की है, जिनका असर आज के साथ-साथ आने वाले कल पर भी पड़े। हमारे प्रयास अक्सर बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य से जुड़े रहते हैं।

इस पहल का क्या होगा असर

खर्च में कमी: मरीजों को जांच पर 85–90% तक की बचत

आसान पहुंच: अब जांच 150–200 में, जो निजी लैब में 1,200–2,500 की होती है

गुणवत्ता: 8% से कम त्रुटि के साथ सटीक जांच

स्थायित्व: लंबे समय तक समुदाय को फायदा देने वाला ढांचा

दुनिया की सबसे बड़ी बी2बी इवेंट आयोजक

इंफॉर्मा मार्केट्स, इंफॉर्मा पीएलसी की इकाई है, जो दुनिया की सबसे बड़ी बी2बी इवेंट आयोजक और सूचना सेवा कंपनी है। इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया (पहले यूबीएम इंडिया) देश की अग्रणी प्रदर्शनी आयोजक कंपनी है। यह प्रदर्शनी, डिजिटल सेवाओं, कॉन्फ्रेंस और सेमिनार के जरिए अलग-अलग उद्योगों को व्यापार, नवाचार और विकास के अवसर देती है। कंपनी हर साल देशभर में 25 से ज्यादा बड़ी प्रदर्शनियां, 40 से अधिक कॉन्फ्रेंस, इंडस्ट्री अवॉर्ड्स और ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित करती है। भारत में इसके कार्यालय मुंबई और नई दिल्ली में स्थित हैं।

Next Story