Begin typing your search above and press return to search.
India News

हिमाचल में बारिश का कोहराम! कुल्लू-मनाली हाईवे को कुछ जगहों पर बहा ले गई ब्यास नदी, चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह बंद, 7 दिनों का अलर्ट

Aryan
27 Aug 2025 3:06 PM IST
हिमाचल में बारिश का कोहराम! कुल्लू-मनाली हाईवे को कुछ जगहों पर बहा ले गई ब्यास नदी, चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह बंद, 7 दिनों का अलर्ट
x
कुल्लू-मनाली हाईवे का रायसन, बिंदू ढांक, मनाली का आलू ग्राउंड और 17 मील के पास लगभग 700 मीटर हिस्सा बह गया है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का कहर जारी है। प्रदेश में लगातार भारी बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक तबाही का मंजर कुल्लू-मनाली में देखने को मिली है। जहां उफनती हुई ब्यास नदी बाहंग बाजार में दो रेस्टोरेंट और तीन-चार दुकानों को बहा ले गई। ब्यास नदी प्रकृति का रौद्र रूप दिखा रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

बाढ़ की वजह से यातायात बाधित

आज दो दिनों बाद मौसम थोड़ा साफ है, मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। भूस्खलन और बाढ़ की वजह से राज्य में यातायात बाधित हो चुकी हैं। कई इलाकों में बिजली और पेयजल की आपूर्ति भी बंद है। जबकि मणिमहेश यात्रा को फिलहाल स्थगित किया गया है। बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत मंझेड़ में एक मकान बाढ़ में बह गया।

ब्यास नदी कुल्लू-मनाली हाईवे को लील गई

मनाली और लाहौल घाटी से मिलने वाली सड़क कुल्लू के साथ कट गया है। कुल्लू-मनाली हाईवे-तीन रामशिला से लेकर मनाली तक करीब सात से आठ जगहों पर ब्यास नदी में बह गया है। जबकि कुल्लू-मनाली वामतट भी बंद हो गया है। लोगों को अपना काम करने के लिए पैदल ही यात्रा करनी पड़ रही है।

कुल्लू-मनाली में भयावह स्थिति

ब्यास नदी ने ऐसी तबाही मचाई कि मनाली से लेकर कुल्लू और मंडी तक भयावह स्थिति हो गई है। मनाली के बांहग में दो रेस्तरां, तीन दुकानें, एक घर एवं तीन खोखे बहा ले गई। रामशिला के पास तीन मकान, जबकि ओल्ड मनाली में सात खोखे बह गए। मनाली के मनालसू नाला पर बना पुल भी ध्वस्त हो गया है, इसके साथ ही सेऊबाग में पैदल पुल भी बह गया। समाहन में सड़क धंसने से की वजह से मनाली-लेह मार्ग बंद पड़ा है। कुल्लू-मनाली हाईवे का रायसन, बिंदू ढांक, मनाली का आलू ग्राउंड और 17 मील के पास लगभग 700 मीटर हिस्सा बह गया है।

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित

मंडी जिले में भी कहर देखा गया है। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह बंद है। सैकड़ों लोगों ने हनोगी के पास फोरलेन सुरंगों में शरण ले लिया है। मंदिर समिति और प्रशासन फंसे हुए लोगों को भोजन दे रहे हैं।

मनाली डीएसपी शर्मा ने कहा

मनाली डीएसपी शर्मा ने कहा कि बाढ़ के खतरे को भांपते हुए दो दिन पहले ही रेस्टोरेंट और दुकानों को खाली करा दिया गया था। वहीं मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।


Next Story