
RCB के बिकने पर विजय माल्या का रिएक्शन आया सामने, बोले- कभी लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था...

नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लगभग 16,500 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड सौदे में खरीद ली गई है। जिसके बाद इसके संस्थापक और पूर्व मालिक विजय माल्या ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। माल्या ने याद दिलाया कि जब उन्होंने 2008 में इस फ्रेंचाइजी को 450 करोड़ रुपये में खरीदा था, तब कई लोगों ने उन पर हंसते हुए इसे सिर्फ दिखावा बताया था।
विजय माल्या ने दी पहली प्रतिक्रिया
विजय माल्या ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा- मैं RCB के नए मालिकों को तहे दिल से बधाई देना चाहूंगा। मैं उन्हें इस सबसे कीमती IPL फ्रेंचाइजी के लिए शुभकामनाएं देता हूं और भगवन से उनके लिए सफलता की कामना करता हूं। जब मैंने 2008 में इस फ्रेंचाइजी को 450 करोड़ रुपये में खरीदा था, तो ज्यादातर लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था और मेरे इस निवेश को सिर्फ दिखावा बताया था। मेरे इस तथाकथित पागलपन के पीछे रॉयल चैलेंज ब्रांड को खड़ा करने का मकसद था, और इसीलिए मैंने इस फ्रेंचाइजी का नाम RCB रखा। यह देखकर मुझे बेहद खुशी हो रही है कि मेरा 450 करोड़ रुपये का निवेश बढ़कर 16,500 करोड़ रुपये हो गया है।
विराट कोहली को किया याद
उन्होंने आगे लिखा, RCB हमेशा मेरे डीएनए का हिस्सा रहेगी। इससे जुड़ी मेरी यादें कभी मिट नहीं सकतीं, खासकर युवा विराट कोहली को टीम में शामिल करने की याद, जो आज दुनिया के शानदार खिलाड़ियों में से एक हैं। RCB के उन सभी प्रशंसकों का मैं तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जो मेरे कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी टीम से जुड़े रहे। उन्होंने फैंस से इस टीम को इसी तरह सपोर्ट करते रहने की भी अपील की।




