
- Home
- /
- India News
- /
- UP: सीआरपीएफ जवान की...
UP: सीआरपीएफ जवान की पत्नी की हत्या...बीच सड़क पर गोलियों से भून डाला, ससुर ने कहा - दामाद का अन्य महिला से प्रेम संबंध

आगरा। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के सारंगपुर गांव के मार्ग पर शुक्रवार शाम को कोर्ट की तारीख से लौट रही मंजू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंजू पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ये कत्ल मंजू के पति ने किया है। मंजू का पति सीआरपीएफ जवान है।
भरण पोषण का केस कोर्ट में था
मंजू की हत्या के बाद उसकी बेटी मोहिनी और बेटा आरके दोनों फूट-फूटकर रो रहे थे। बच्चे शव से लिपट गए। बेटी बोल रही थी कि मां अब किसके सहारे जीएंगे। मोहिनी चौथी क्लास में पढ़ती है। मोहिनी बार-बार बेहोश हो रही थी। होश में आते ही बोलने लगती थी, पापा ने हमसे मेरी मां ही छीन ली, अब किसको मां कहेंगे। मोहिनी की ये बातें सुनकर आसपास के लोगों की आंखें भर आईं। परिजनों के मुताबिक मंजू मायके में रहकर मजदूरी करके बच्चों का पेट पाल रही थी। फतेहाबाद में मंजू ने प्लॉट भी खरीद लिया था लेकिन किस्मत को ये बात रास नहीं आई। लगभग साल भर पहले प्लॉट को लेकर मंजू का अपनी ननद से मार पिटाई हुई थी। मंजू का भरण पोषण का केस कोर्ट में चल रहा था।
मंजू का बड़ा बेटा अमर पिछले कुछ समय से अपने पिता मनोज के साथ रह रहा था। मां की हत्या की खबर से अमर भी सदमे में चला गया है।
भविष्य पर खड़े हो गए सवाल
तीन मासूम बच्चों के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक मां जिसने अपनी पूरी जिंदगी संघर्ष में गुजार दी, उसकी मौत ने न सिर्फ उसके जीवन की कहानी खत्म की, बल्कि उन बच्चों की भी दुनिया उजाड़ दी जिनके लिए वह जी रही थी।
14 साल पहले हुई थी मंजू की शादी
मंजू के पिता हरि सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी 14 साल पहले गांव समोना, राजाखेड़ा (राजस्थान) निवासी मनोज कुमार उर्फ चरन सिंह के साथ की थी। मनोज सीआरपीएफ की नौकरी करता है। दोनों के बीच 8 साल से विवाद चल रहा था। इसी कारण मंजू अपनी 9 वर्षीय बेटी मोहिनी और 7 वर्षीय बेटे आरके के साथ मायके में रह रही थी। बेटी मंजू ने अपने पति के खिलाफ कोर्ट में भरण-पोषण का परिवाद दर्ज कराया था।
मंजू झाड़ियों में गिर गई
पिता ने कहा कि शाम में बेटी फतेहाबाद आई थी। मंजू सारंगपुर से कुछ दूर ही पहुंची थी कि गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। मंजू सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डीसीपी पूर्वी जोन अली अब्बास ने दी जानकारी
डीसीपी पूर्वी जोन अली अब्बास ने कहा कि घटनास्थल पर तीन कारतूस मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति साफ होगी। महिला को कितनी गोली लगी है। पति पर ही हत्या का आरोप लगाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी छानबीन के बाद होगी।
बेटी मोहिनी ने कहा
बेटी मोहिनी ने कहा कि मां ने फोन पर बताया था कि रास्ते में बाइक सवार पिता मनोज, चाचा और फूफा पीछा कर रहे हैं। वह तेजी से घर की तरफ आ रही थीं। उन्होंने कुछ देर बाद फोन काट दिया। बाद में उनकी हत्या की जानकारी फोन पर मिली।
पति मनोज का अन्य महिला से था प्रेम संबंध
पिता हरि सिंह ने बताया कि मंजू के तीन बच्चे अमर, मोहिनी और आरके हैं। दामाद का अन्य महिला से प्रेम संबंध है। वह उसी के साथ रहता है। बेटी को घर से निकाल दिया था। तारीख के दिन ही पति और उसके रिश्तेदारों ने धमकी दी थी कि जिंदा नहीं छोड़ेंगे। हमें नहीं पता था कि सच में वो लोग ऐसा कर देंगे।