
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- धार्मिक कार्यक्रम के...
धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन में 'सेव-खमणी' खाने से 96 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, गांव में मचा कोहराम

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले से फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। दरअसल, राजपुरा गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सेव-खमणी प्रसाद खाने के बाद लगभग 96 ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आज यानी गुरुवार को मरीजों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने खाने के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।
गुजराती नाश्ता 'सेव-खमणी' परोसा गया था
जानकारी के अनुसार, राजपुरा गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान मेहमानों और ग्रामीणों को गुजराती नाश्ता 'सेव-खमणी' परोसा गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, आज अचानक लोगों को उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। जैसे ही बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिला स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई। जिला महामारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर चिंतन देसाई ने बताया कि कुल 96 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम राजपुरा गांव पहुंची। डॉक्टर देसाई के मुताबिक, 96 लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था, जिनमें से 58 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, 38 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी की हालत स्थिर है। इतना ही नहीं, सावधानी बरतते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव के अन्य 214 लोगों को भी एहतियात कस तौर पर दवाइयां दी गई हैं, जिन्होंने रात में वह नाश्ता खाया था।
फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने लिए सैम्पल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। फूड सेफ्टी विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम में इस्तेमाल किए गए भोजन और पानी के नमूने ले लिए हैं। इन नमूनों को लैब में जांच के लिए भेजा गया है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि फूड पॉइजनिंग की मुख्य वजह क्या थी। भोजन में किसी तरह की मिलावट थी।




