
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- आग से भरा लंबा गड्डा...
आग से भरा लंबा गड्डा और तपते अंगारों पर चलते लोग..MP के इस गांव में होली पर अनूठा दृश्य

भोपाल। आस्था जब अपने चरम पर होती है तो इंसान कुछ भी कर लेता है। ऐसा ही नजारा मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के लिंगोड़ा गांव में होली के अवसर पर देखने को मिलता है। यहां श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए ईश्वर के प्रति समर्पित भाव से जलते अंगारों पर नंगे पांव चलते हैं। ऐसी मान्यता है कि सच्चे विश्वास के साथ अग्नि-पथ पार करने से इच्छाएं पूर्ण होती हैं।
वर्षों पुरानी परंपरा आज भी जारी है
आग से भरा एक लंबा गड्ढा उसमें लाल तपते अंगारे और उस पर श्रद्धालु निडर चलते हैं। यह कोई करतब नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी परंपरा है, ग्रामीणों के मुताबिक, यह आयोजन करीब 200 साल से भी अधिक समय से लगातार होता आ रहा है। होली के दिन विशेष पूजा-अर्चना के बाद यह अनुष्ठान शुरू किया जाता है।
9 फीट लंबे गड्ढे का होता है निर्माण
9 फीट लंबे 3 फीट चौड़े और 2 फीट गहरे गड्ढे में चंदन, पलाश और कदम की लकड़ियां डाली जाती हैं। लकड़ियों के पूरी तरह जल जाने के बाद जब वे अंगारों में बदल जाती हैं तो उन्हें बराबर फैला दिया जाता है। इसके बाद श्रद्धालु एक-एक करके इस अग्नि-पथ पर चलते हैं। इस अनुष्ठान में पुरुषों के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कुछ माता-पिता अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर भी अंगारों पर से गुजरते हैं।




