Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर सजेगी सुरों की महफिल, 23 मई से आरंभ होगा म्युजिकल फ्राइडे सीजन-2

Shilpi Narayan
21 May 2025 6:10 PM IST
आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर सजेगी सुरों की महफिल, 23 मई से आरंभ होगा म्युजिकल फ्राइडे सीजन-2
x

नई दिल्ली। 23 मई से एनसीआरटीसी एक बार फिर से नमो भारत अनप्लग्ड: म्युजिकल फ्राइडे के साथ सुरों की महफ़िल सजाने के लिए तैयार है। यात्रियों के इस पसंदीदा कार्यक्रम के सीजन 2 का आयोजन इस बार आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर किया जा रहा है। अब नमो भारत के यात्री और अन्य संगीत प्रेमी हर शुक्रवार शाम 6 बजे स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर एक बार फिर से उभरते हुए कलाकारों द्वारा लाइव संगीत प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे। यह आयोजन सभी के लिए निशुल्क है।

इस संस्करण का पहला शुक्रवार देश, देशभक्ति और भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस एवं वीरता के नाम रहेगा। यह भारत माता के सम्मान और गौरव तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति एनसीआरटीसी की अटूट एवं सतत प्रतिबद्धता को सुरों में सजाकर, यात्रियों को भी इसमें शामिल करने की एक छोटी सी कोशिश है। इस शाम की सभी प्रस्तुतिया इसी थीम से जुड़ी हुई होंगी।

श्रोताओं को भी इस संगीतमय शाम में भागीदारी मिलेगी

"नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडे के इस नए संस्करण में श्रोताओं को भी इस संगीतमय शाम में भागीदारी करने का मौका मिल सके, इसके लिए एनसीआरटीसी एक नए सेगमेंट, "ऑन-द-स्पॉट अंताक्षरी" की भी शुरुआत कर रहा है। इसमें वहां उपस्थित श्रोता भी इस सुर संध्या में भाग ले सकेंगे।

एक साथ हजारों श्रोताओं का दिल जीत सकते हैं

म्युजिकल फ्राइडे स्कूल, कॉलेजों और एनसीआर के अन्य उभरते संगीत बैंड्स या एकल कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक मंच प्रदान करता है, जहां वे अपने संगीत से एक साथ हजारों श्रोताओं का दिल जीत सकते हैं। साथ ही, दिन के अंत में थककर लौटते हुए यात्रियों का मनोरंजन कर उन्हें भी एक मौका देता है कि वे दो पल ठहर कर, अपने तनाव भूल कर, एक खूबसूरत शाम का आनंद ले सकें।

सीजन-1' यात्रियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा था

पिछले वर्ष गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन पर आयोजित 'नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडे सीजन-1' यात्रियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा था। चार महीने तक चले इस संस्करण के दौरान संगीतमय शामों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसने शुक्रवार की शाम नमो भारत स्टेशन को मनोरंजन और सामुदायिक जुड़ाव का केंद्र बना दिया।

उभरते संगीत बैंड या एकल कलाकार आमंत्रित हैं

स्कूल, कॉलेजों और एनसीआर के अन्य उभरते संगीत बैंड या एकल कलाकार "नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडे - सीजन 2" में भाग लेने के लिए आमंत्रित हैं। इच्छुक कलाकार इस लिंक पर दिए फार्म को भरकर https://t.co/f32oOeNbPf अपना पंजीकरण कर सकते हैं और इस संगीतमय सफर का हिस्सा बन सकते हैं। इस मंच के द्वारा उन्हें अपनी प्रतिभा को सैकड़ों श्रोताओं तक एक साथ पहुंचाने का सुनहरा मौका मिलेगा।

Next Story