
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अंगूर से लदा ट्रक नदी...
अंगूर से लदा ट्रक नदी में जा गिरा, लूटने के लिए लोग उतरे गहरे पानी में...

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के सिंगवाड़ा से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल यहां अंगूर से लदा एक ट्रक नदी में जा गिरा। उसके बाद आसपास के गांवों में अंगूर लूटने की वजह से अफरातफरी मच गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हांलाकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र के अतरबेल पुल के पास की बताई जा रही है।
अंगूर से लदा हुआ ट्रक नदी में जा गिरा
ट्रक में भारी मात्रा में अंगूर लदा हुआ था, जो हादसे के बाद पानी में बहकर दूर-दूर तक फैल गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मौका पाकर नदी से अंगूर निकालना शुरू कर दिया। कई लोग कपड़े और बोरे लेकर नदी में उतर गए। ग्रामीणों ने बोरे में अंगूर भरना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ लोग अपने घरों से बाल्टी, टोकरी और थैले लेकर भी पहुंच गए। देखते ही देखते अंगूर निकालने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
नदी में घुसकर लोगों ने निकाला अंगूर
इस दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी लोग कमर तक पानी में उतरकर अंगूर चुनते दिखाई दिए। वहीं, बच्चे अंगूर खाते हुए और साथ में जमा भी कर रहे थे। जबकि कुछ लोग किनारे पर बैठकर अंगूर साफ करते नजर आए। स्थानीय लोगों ने कहा कि ट्रक के अचानक संतुलन खोने से ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पुल से नीचे नदी में जा गिरा।
ड्राइवर और खलासी को लगी मामूली चोटें
ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि ड्राइवर और खलासी को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना की जानकारी मिलने पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी मात्रा में अंगूर ग्रामीण अपने साथ ले जा चुके थे।




