Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

ईरान और अमेरिका जंग में दो हफ्तों के लिए युद्धविराम का ऐलान! इन शर्तों पर खुला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जानें ट्रंप ने क्या कहा

Shilpi Narayan
8 April 2026 8:24 AM IST
ईरान और अमेरिका जंग में दो हफ्तों के लिए युद्धविराम का ऐलान! इन शर्तों पर खुला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जानें ट्रंप ने क्या कहा
x

नई दिल्ली। खाड़ी देशों में छिड़ी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्ष विराम के लिए सहमत हो गया है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया, जब कुछ ही घंटों पहले उन्होंने ईरान पर बड़ा हमला करने और पूरी सभ्यता को खत्म कर देने की चेतावनी दी थी।

सीजफायर में पाकिस्तान का भी अहम रोल

वहीं सीजफायर कराने में पाकिस्तान का भी अहम रोल रहा। जिसका जिक्र ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का धन्यवाद दिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मैं ईरान पर बमबारी और हमले को दो सप्ताह की अवधि के लिए स्थगित करने पर सहमत हूं। यह एक द्विपक्षीय युद्धविराम (Ceasefire) होगा।

सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत

ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत और उनके अनुरोध पर मैं आज रात ईरान की ओर भेजी जा रही विनाशकारी सैन्य शक्ति को रोकने और इस शर्त पर कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह और तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हूं। ट्रंप ने आगे कहा कि ऐसा करने का कारण यह है कि हम पहले ही सभी सैन्य मकसदों को पूरा कर चुके हैं और उनसे आगे बढ़ चुके हैं और हम ईरान के साथ लंबे समय के लिए शांति और मध्य पूर्व में शांति के लिए एक ठोस समझौते के काफी करीब पहुंच चुके हैं।

10 बिंदुओं का एक प्रस्ताव प्राप्त

उन्होंने आगे कहा कि ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का एक प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। पहले के लगभग सभी विवादित मुद्दों पर अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बन चुकी है, लेकिन यह दो सप्ताह की अवधि समझौते को अंतिम रूप देने और उसे पूरा करने के लिए आवश्यक है। संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में और मध्य पूर्व के देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए इस समस्या के समाधान के करीब पहुंचना मेरे लिए सम्मान की बात है।

प्रयासों के लिए आभार और प्रशंसा

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सीजफायर में अहम रोल निभाने के लिए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का धन्यवाद दिया। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान की ओर से मैं अपने प्रिय भाइयों पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के उनके प्रयासों के लिए आभार और प्रशंसा करता हूं।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित आवागमन संभव

अराघची ने कहा कि प्रधानमंत्री शरीफ के ट्वीट में किए गए भाईचारे के अनुरोध के जवाब में और अमेरिका के 15-बिंदु प्रस्ताव के आधार पर बातचीत के अनुरोध और अमेरिकी राष्ट्रपति के ईरान के 10-बिंदु प्रस्ताव के सामान्य ढांचे को वार्ता के आधार के तौर पर स्वीकार करने की घोषणा को ध्यान में रखते हुए मैं ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से यह घोषणा करता हूं कि अगर ईरान के खिलाफ हमले रोक दिए जाते हैं, तो हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं अपनी रक्षात्मक कार्रवाइयां बंद कर देंगी। साथ ही दो सप्ताह के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित आवागमन संभव होगा।

Next Story