Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

इंदौर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प, दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Shilpi Narayan
21 Feb 2026 3:34 PM IST
इंदौर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प, दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
x
'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के 'शर्टलेस' प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदौर में मोर्चा निकाला था, जो हिंसक झड़प में बदल गया।

इंदौर। इंदौर के राजवाड़ा चौक और कांग्रेस कार्यालय (गांधी भवन) के पास आज भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। दिल्ली में 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के 'शर्टलेस' प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदौर में मोर्चा निकाला था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई।

दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई

दरअसल, भाजपा कार्यकर्ता जब विरोध जताने कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं और राहगीरों को मामूली चोटें आने की भी खबर है। स्थिति को अनियंत्रित होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को खदेड़ने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इलाके में तनाव को देखते हुए राजवाड़ा और गांधी भवन के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पत्थरबाजों की पहचान में जुटी पुलिस

भाजपा नेताओं का कहना है कि यूथ कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को शर्मिंदा किया है और उनके लोकतांत्रिक विरोध पर कांग्रेसियों ने हमला किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता जबरन उनके कार्यालय में घुसने की कोशिश कर रहे थे और पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की। फिलहाल इलाके में धारा 144 लागू कर दिया गया है। साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्थरबाजों की पहचान कर रही है।

Next Story