Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

AI Impact Summit Protest: आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज, सियासत में भूचाल!

Shilpi Narayan
20 Feb 2026 9:00 PM IST
AI Impact Summit Protest: आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज, सियासत में भूचाल!
x

नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (India AI Impact Summit 2026) के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में देश में सियासत तेज हो गई है। जहां बीजेपी कांग्रेस पर जमकर आरोप लगा रही है। साथ ही, भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर भी कई आरोप लगा रहे हैं।

गंभीर धाराओं में FIR

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गैर-जमानती और गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इसे एक गहरी साजिश का हिस्सा बताया है और प्रदर्शनकारियों द्वारा इस्तेमाल किए गए प्रिंटेड स्टिकर और टी-शर्ट के स्रोत की जांच की जा रही है।

पटियाला हाउस कोर्ट में पेश

वहीं पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के चार मुख्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अजय कुमार (उत्तर प्रदेश), कृष्ण हरि (बिहार), कुंदन यादव (बिहार) और नरसिम्हा यादव (तेलंगाना) के रूप में हुई है। इन आरोपियों को आज ही पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाना है।

हिरासत में अन्य प्रदर्शनकारी

हालांकि प्रदर्शन के दौरान करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया था जबकि पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने सुरक्षा घेरा तोड़कर हॉल नंबर 5 में प्रवेश किया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रवेश के लिए उपयोग किए गए QR कोड/पास की मदद से फरार प्रदर्शनकारियों की तलाश कर रही है।

प्रदर्शन का कारण

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (India-US trade deal) और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' (बिना कमीज के प्रदर्शन) किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और टी-शर्ट पर "PM is compromised" जैसे स्लोगन प्रदर्शित किए।

सुरक्षा में चूक की जांच

अब सवाल उठता है कि इतने हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में जहां वैश्विक सीईओ और दिग्गज नेता मौजूद थे। ऐसे में प्रदर्शनकारियों के प्रवेश को लेकर सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने जैकेट और स्वेटर के नीचे आपत्तिजनक टी-शर्ट और पोस्टर छिपा रखे थे ताकि सुरक्षा जांच से बच सकें।

Next Story