Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

हवाई यात्रा फिर महंगी: होर्मुज संकट के बीच एअर इंडिया ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज! जानें नया फेयर कब से होगा लागू

Shilpi Narayan
7 April 2026 4:11 PM IST
हवाई यात्रा फिर महंगी: होर्मुज संकट के बीच एअर इंडिया ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज! जानें नया फेयर कब से होगा लागू
x

नई दिल्ली। होर्मुज संकट का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है। जहां देश पहले ही LPG संकट से जूझ रहा है तो वहीं देश के लोगों के लिए एक और झटका देने वाली खबर सामने आई है। टाटा समूह के स्वामित्व वाले एयरलाइन एअर इंडिया ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है।

नया सरचार्ज 8 अप्रैल से लागू होगा

एअर इंडिया ग्रुप ने घरेलू उड़ानों के लिए 299 रुपये से लेकर 899 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज वसूलने का एलान किया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह सरचार्ज 24 डॉलर से 280 डॉलर के बीच तय किया गया है। नया सरचार्ज 8 अप्रैल से लागू होगा है। एअर इंडिया का यह फैसला किफायती उड़ान सेवा देने वाली समूह की एयरलाइन एअर इंडिया एक्सप्रेस पर भी समान रूप से लागू होगा। बता दें कि सरकार ने हाल ही में घरेलू ATF कीमतों में बढ़ोतरी को अधिकतम 25 फीसदी तक सीमित (कैप) करने का फैसला किया था। सरकार के इस कदम के बाद एअर इंडिया ने एक संतुलित रुख अपनाते हुए फ्लैट घरेलू सरचार्ज की जगह दूरी पर आधारित ग्रिड प्रणाली लागू की है।

फ्यूल सरचार्ज में अधिक महत्वपूर्ण बदलाव

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय विमानन ईंधन की कीमतों पर ऐसी कोई राहत न होने के कारण, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के फ्यूल सरचार्ज में अधिक महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। फिलहाल कुछ देशों को इस तत्काल वृद्धि से बाहर रखा गया है। बांग्लादेश और सुदूर पूर्व के गंतव्यों जैसे जापान, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के लिए फ्यूल सरचार्ज में बदलाव पर अभी फैसला होना बाकी है। एयरलाइन के अनुसार, इन रूट्स पर सरचार्ज बढ़ाने के लिए जरूरी विनियामक मंजूरियां मिलने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

तीन सप्ताह के भीतर करीब तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज

इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अनुसार, 27 मार्च को समाप्त सप्ताह में वैश्विक औसत जेट ईंधन की कीमत 195.19 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जो फरवरी के अंत में 99.40 डॉलर थी। यह लगभग 100 प्रतिशत का भारी उछाल है। किसी भी एयरलाइन के संचालन में एटीएफ की हिस्सेदारी कुल लागत का लगभग 40-45 प्रतिशत होती है। कच्चे तेल से बनने वाले एटीएफ के रिफाइनरी मार्जिन (क्रैक स्प्रेड) में महज तीन सप्ताह के भीतर करीब तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 27.83 डॉलर प्रति बैरल था, जो 27 मार्च तक बढ़कर 81.44 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

Next Story