
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- पीएम मोदी के लगाए...
पीएम मोदी के लगाए आरोपों पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, पलटवार कर बोले- हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, विदा करेंगे...

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान कहा कि सपा ने इस एयरपोर्ट का काम नहीं होने दिया। कांग्रेस और यूपी की पहले की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी। जिसके बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव पीएम मोदी पर जमकर बरस गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे। जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है।
क्या बोले अखिलेश यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि- हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे। जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है। जब हार साक्षात् दिखने लगती है तो इंसान को न अपने पद का मान रहता है, न ही अपने कथन पर नियंत्रण। उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा। सादर विदाई!
प्रधानमंत्री ने सपा पर साधा था निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए कहा कि 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट सिर्फ फाइलों में ही दबी रही। तब सपा सरकार ने इस परियोजना को आगे बढ़ने नहीं दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनी, इसका शिलान्यास हुआ और अब यह एयरपोर्ट पूरी तरह चालू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले सपा सरकार में नोएडा को सिर्फ उनकी लूट का एटीएम बना लिया गया था। लेकिन आज भाजपा की सरकार में वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।




