
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अखिलेश यादव ने EC और...
अखिलेश यादव ने EC और BJP पर किया तीखा हमला! बोले- चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं, बल्कि 'बीजेपी का आयोग'...

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जमीन पर जाकर चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं रहा, बल्कि 'बीजेपी का आयोग' बन चुका है और लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रहा है।
SIR की भूमिका भी बेहद संदिग्ध रही
अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि एसआईआर (SIR) की भूमिका भी बेहद संदिग्ध रही है। अखिलेश यादव ने नंदलाल नाम के व्यक्ति का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि उसके नाम से भरे गए फार्म-7 में फर्जी तरीके से अंगूठा और साइन कराए गए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने खुद नंदलाल का साइन फार्म पर किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि फार्म-7 की पूरी प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। क्योंकि इसके जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
फार्म-7 में केवल फर्जी साइन कराए जा रहे हैं
उन्होंने यह भी कहा कि नंदलाल ने लोकतंत्र बचाने का काम किया है, इसलिए समाजवादी पार्टी की ओर से उसे एक लाख रुपये की मदद दी गई। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि फार्म-7 में केवल फर्जी साइन कराए जा रहे हैं और आम जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने जनता को निराश किया हो, उससे आखिरी बजट से भी किसी को कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी में जेल से कैदी भगाए जा रहे हैं, कुछ को नेपाल भेजने और वहां से विदेश भेजने की बातें भी सामने आ रही हैं।
विधायक की पत्नी का वोट काटा गया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सोना इतना महंगा हो गया है कि आम आदमी खरीद ही नहीं पा रहा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एक विधायक की पत्नी का वोट भी काट दिया गया। अखिलेश यादव ने दोहराया कि लोकतंत्र बचाने के लिए फार्म-7 की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।




