
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बिहार में शराबबंदी पर...
बिहार में शराबबंदी पर विचार करने के मांग के बीच चिराग पासवान का आया बड़ा बयान! कहा-खामियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाना चाहिए...

पटना। बिहार में शराबबंदी पर फिर से विचार करने की मांग उठ रही है। वहीं नीतीश सरकार के साथी भी इस पर विचार करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने बिहार में लागू एक दशक पुराने शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग की है। उन्होंने इसकी आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इसके क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने के लिए खामियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाना चाहिए।
हम शराबबंदी समाप्त करने की बात कर रहे हैं
दरअसल, चिराग ने कहा कि यह आकलन किया जाना चाहिए कि जिस उद्देश्य से कानून लागू किया गया था, क्या वह पूरा हो रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि यह समीक्षा जरूरी है कि जिन उद्देश्यों के साथ कानून बनाया गया था, वे पूरे हो रहे हैं या नहीं। यदि नहीं, तो कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाना चाहिए। पासवान ने साफ किया कि समीक्षा की बात को शराबबंदी हटाने की वकालत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हम समीक्षा की बात करते हैं तो अक्सर यह गलतफहमी हो जाती है कि हम शराबबंदी समाप्त करने की बात कर रहे हैं। मेरा मानना है कि किसी भी योजना को समय के साथ बेहतर बनाने के लिए उसकी निरंतर समीक्षा आवश्यक है।
नशे की लत परिवार और समाज के लिए घातक
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पासवान ने कहा कि वह शराब पर नियंत्रण के प्रयासों का पूरा समर्थन करते हैं क्योंकि नशे की लत परिवार और समाज दोनों के लिए घातक है। उन्होंने याद दिलाया कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड (JDU) सरकार ने शराबबंदी लागू की थी, तब उनकी पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए भी इस कदम का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि शराब के सेवन और निर्माण पर रोक लगाने का विचार सामाजिक दृष्टि से उचित है। हालांकि, पासवान ने जहरीली शराब के सेवन से समय-समय पर होने वाली मौतों और राज्य में शराब की कथित 'होम डिलीवरी' के आरोपों का उल्लेख किया।




