
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- खाड़ी देशों में जारी...
खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच सर्वदलीय बैठक शुरू! TMC ने किया बहिष्कार तो नहीं पहुंचे राहुल गांधी, जानें क्यों

नई दिल्ली। खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच वैश्विक चिंता को लेकर केंद्र सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक शुरू हुई। वहीं इस बैठक को लेकर देश में सियासत शुरू हो गई है। TMC ने सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक दिन पहले को बता दिया था कि वह इस बैठक में शामिल नहीं होंगे क्योंकि केरल में उनका एक कार्यक्रम है। उन्होंने विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस बैठक में मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा होगी और विपक्ष के सुझाव भी लिए जाएंगे।
राजनाथ सिंह बैठक की कर रहे हैं अध्यक्षता
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कहा कि पश्चिम एशिया में छिड़े मौजूदा युद्ध के कारण उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए अधिकार संपन्न सात नये समूहों का गठन किया गया है जो एलपीजी, आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अन्य विषयों का नियमित आकलन कर सुझाव देंगे। हालांकि सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि देश में तेल और गैस की कोई कमी नहीं है। वहीं सर्वदलीय बैठक के लिए गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पहुंचे हैं। बीजेडी से सस्मित पात्रा, जेडीयू से लल्लन सिंह और संजय झा, कांग्रेस से तारिक अनवर और मुकुल वासनिक, सीपीआईएम से जॉन ब्रिटास, विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी बैठक के लिए पहुंचे हैं।
TMC सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होंगे
सर्वदलीय बैठक के बारे में TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि हमारी पूरी लड़ाई BJP के साथ है, हम उनके साथ बैठक क्यों करेंगे? उन्होंने कहा कि वह सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होंगे। एनडीए के नेताओं ने सर्वदलीय बैठक को सही बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही सब स्पष्ट कर दिया है। जनता के हित में सारे फैसले आने वाले हैं।




