
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अमित शाह ने शिरडी के...
अमित शाह ने शिरडी के साईंबाबा मंदिर में की पूजा! अहिल्यानगर से महाराष्ट्र में बारिश प्रभावित किसानों को दिया यह भरोसा…

मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार यानी 05 अक्टूबर को शिरडी के साईंबाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अहिल्यानगर जिले के कार्यक्रम में शिरकत की। बता दें कि गृह मंत्री अपने एकदिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महाराष्ट्र में भारी बारिश से नुकसान झेलने वाले किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा
अमित शाह ने कहा कि एकनाथ शिंदे और अजित पवार के नेतृत्व में महाराष्ट्र के सभी मंत्री और सांसद पद्मश्री पाटिल और पद्म विभूषण बालासाहेब विखे पाटिल के साथ उनके योगदान की पुनरावृति के लिए एकत्रित हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र के किसानों को कोई भी मदद करने में देर नहीं करेंगे
शाह ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और अजित पवार के साथ एक विस्तृत बैठक की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि एक बार विस्तृत रिपोर्ट हमें सौंप दिए जाने के बाद, हम महाराष्ट्र के किसानों को कोई भी मदद करने में देरी नहीं करेंगे।
भाजपा की सरकार ने रखा था नाम अहिल्यानगर
उन्होंने कहा कि मुझे इस क्षेत्र में आकर बेहद खुशी हो रही है। अब इस क्षेत्र का नाम अहिल्या बाई के नाम से जुड़ गया है। जब एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री थे और देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री थे तो भाजपा की नेतृत्व वाली सरकार ने औरंगाबाद का नाम बदलकर अहिल्या बाई के नाम पर अहिल्यानगर रखा था।
छत्रपति के अनुयायी ही औरंगाबाद के नाम बदलने की ताकत रखते हैं
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे फैसले सिर्फ वही लोग ले सकते हैं जो कि छत्रपति के अनुयायी हैं। औरंगजेब की धारा में बहने वाले लोगों में इतनी हिम्मत नहीं है कि औरंगाबाद का नाम बदल सके।
किसानों के विकास के लिए पद्मश्री विजय पाटिल साहब की भूमिका
उन्होंने कहा कि पद्मश्री विजय पाटिल साहब ने पूरा जीवन इस क्षेत्र के किसानों के कल्याण में लगाया है। इस मौके पर शाह ने सहकारिता आंदोलन की एक प्रमुख हस्ती विट्ठलराव विखे पाटिल और उनके बेटे तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री बालासाहेब विखे पाटिल की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया।
महाराष्ट्र सरकार की सराहना की
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की परेशानी कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं, जो कि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये की नकद सहायता और 35 किलोग्राम अनाज उपलब्ध कराया है। ऋण वसूली रोक दी गई है, ई-केवाईसी मानदंडों में एक बार के लिए ढील दी गई है और राजस्व कर और स्कूल फीस में राहत दी गई है।




