Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

दरभंगा में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, विरोध में पथराव, पुलिस ने किया लाठी चार्ज

Aryan
8 Feb 2026 12:06 PM IST
दरभंगा में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, विरोध में पथराव, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
x
हंगामा की सूचना पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया
दरभंगा। बिहार के दरभंगा में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी को तत्काल फांसी देने की मांग कर रहे लोगों ने पथराव कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठी चार्ज किया। लाठी चार्ज के बाद कुछ लोग भागते हुए नजर आए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराया।
बच्ची शाम को खेलने गई थी, शव खून से लथपथ में मिला
दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखरा के पास खेलने के लिए गई 8 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। देर रात उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी को तुरंत फांसी देने की मांग करने लगे। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा। इस दौरान कई महिलाएं भी सड़क पर उतरकर पुलिस के खिलाफ हंगामा करती नजर आईं।
पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे
हंगामा बढ़ता देख पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी देर रात मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। वहीं एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और जरूरी सैंपल जुटाए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि बच्ची शाम के समय घर से बाहर तालाब किनारे दूसरी बच्चियों के साथ खेलने गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर बच्ची के मामा वहां पहुंचे
देर रात इलाके में कुत्तों के ज्यादा भौंकने की आवाज सुनकर बच्ची के मामा वहां पहुंचे तो देखा कि बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और देखा गया कि पास की दीवार पर भी काफी खून पड़ा हुआ था। पुलिस के अधिकारी का कहना है आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story