Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

आशा ताई ने बहन के मैनेजर संग भाग कर की थी शादी, तलाक के बाद पंचम दा ने दिल पर दी दस्तक! संगीत की दुनिया में दो दिल हुए थे एक...

Aryan
12 April 2026 5:07 PM IST
आशा ताई ने बहन के मैनेजर संग भाग कर की थी शादी, तलाक के बाद पंचम दा ने दिल पर दी दस्तक! संगीत की दुनिया में दो दिल हुए थे एक...
x
आशा भोसले ने अपनी बहन और परिवार के खिलाफ जाकर अपने प्यार को चुना

मुंबई। आशा भोसले हम संगीत प्रेमियों को हमेशा के लिए अलविदा कह गईं हैं। दरअसल, उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ क्योंकि आशा भोसले ने करीब 12,000 गाने रिकॉर्ड किए हैं, जो किसी भी भारतीय कलाकार के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उनका नाम संगीत की दुनिया के अलावा पर्सनल जिंदगी की वजह से भी चर्चा में बना रहता था। बेहद कम लोग जानते हैं कि उन्होंने दो शादी की है। पहले पति से उनकी उम्र का अंतर 15 साल का था, तो वहीं दूसरे पति आशा जी से 5 साल छोटे थे।

फिल्म ‘संगदिल’ से मिली खास पहचान

1940 के दशक के अंत से 1950 के दशक की शुरुआत तक गीता दत्त, शमशाद बेगम और लता मंगेशकर जैसी प्रमुख गायिकाओं के बीच आशा भोसले ने भी अपनी जगह बनानी शुरू की। 1950 के दशक में आशा भोसले ने हिंदी फिल्मों में अधिकांश प्लेबैक सिंगर्स की तुलना में अधिक गीत गाए। इनमें से अधिकतर कम बजट वाली फिल्मों में थे। उनके शुरुआती गीतों की कंपोजिशन ए. आर. कुरैशी, सज्जाद हुसैन, एस. मोहिंदर, सरदार मलिक, गुलाम मोहम्मद और कुछ अन्य संगीतकारों ने की थी। सज्जाद हुसैन के संगीत में बनी फिल्म ‘संगदिल’ (1952) के गानों को आवाज देने से आशा भोसले को पहचान मिली। उसी साल ओपी नैयर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘छम छमा छम’ में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई और फिल्म के 11 में से 10 गाने भी गाए। इसके बाद बिमल रॉय ने उन्हें परिणीता (1953) में गाने का मौका दिया। राज कपूर ने उन्हें फिल्म बूट पॉलिश (1954) के सभी गाने गाने के लिए साइन किया, जिससे उन्हें लोकप्रियता मिली।

बड़ी बहन लता दीदी के सेक्रेटरी से की शादी

आशा भोसले का करियर अभी ढंग से शुरू ही हुआ था कि केवल 16 साल की उम्र में ही उन्होंने बहन लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपत राव भोसले से शादी कर ली। गणपत राव आशा से लगभग 20 साल बड़े थे। इस रिश्ते को लता मंगेशकर और उनके परिवार ने स्वीकार नहीं किया। इस वजह से आशा और लता मंगेशकर के रिश्ते में दूरी भी आई, जो एक लंबे वक्त तक बनी रही।

परिवार के खिलाफ गई प्यार के लिए

लेकिन आशा भोसले ने अपनी बहन और परिवार के खिलाफ जाकर अपने प्यार को चुना। एक पुराने इंटरव्यू में आशा भोसले ने अपनी शादी के बारे में कहा था, ‘पति का परिवार रूढ़िवादी था, वह एक सिंगिंग स्टार को स्वीकार नहीं कर सका। जब मैं अपने छोटे बेटे आनंद को जन्म देने वाली थी तो परिवार ने मायके वापस लौट जाने को कहा। हालांकि, आशा भोसले और गणपत राव की शादी अधिक वक्त तक नहीं टिक सकी। 11 साल बाद दोनों अलग हो गए। गणपत राव से आशा भोसले को तीन बच्चे हुए।

दूसरी शादी आरडी बर्मन से की

गणपत राव से अलग होने और पहली शादी टूटने के बाद आशा भोसले की जिंदगी में फिर से प्यार की बहार आई। इस बार उन्हें दिग्गज संगीतकार आरडी बर्मन (पंचम दा) में अपना प्यार मिला। हालांकि, आशा की यह प्रेम कहानी भी आसान नहीं थी, क्योंकि आरडी बर्मन उनसे लगभग छह साल छोटे थे। इसीलिए जब 47 साल की आशा भोसले ने आरडी बर्मन से शादी करने की बात रखी, तो पंचम दा की मां इस बात के लिए नहीं मानीं। जब पंचम दा ने अपनी मां को आशा से शादी के बारे में बताया, तो उन्होंने साफ कह दिया कि 'यह शादी मेरी लाश पर होगी।' विरोध की वजह थी आशा भोसले आरडी बर्मन से 6 साल बड़ी थीं और तीन बच्चों की मां थीं। हालांकि, बाद में 1980 में दोनों की शादी हुई और इस जोड़ी ने संगीत की दुनिया को कई यादगार नगमे तोहफे में दिए। दोनों की शादी 1994 में आरडी बर्मन के दुनिया से अलविदा कहने तक चली।

नामीचीन संगीतकारों के साथ किया काम

आशा भोसले का करियर लगभग पांच दशक लंबा रहा। इस दौरान उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार गाने दिए। सबसे खास बात कि अपने इतने लंबे करियर के दौरान आशा भोसल ने अलग-अलग दौर के कई दिग्गज संगीतकारों के साथ काम किया और कईयों के साथ उनकी जोड़ी काफी हिट रही। इस लिस्ट में शंकर-जयकिशन, खैय्याम, रवि, सचिन देव बर्मन, आरडी बर्मन, ओपी नैय्यर, इलैयाराजा, बप्पी लहरी और ए.आर रहमान जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं। उन्होंने फिल्मों के अलावा म्यूजिक एल्बम में और कई सिंगल सॉन्ग भी गाए।

आशा भोसले की महानता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने हिंदी के अलावा कुल 20 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाने गाए थे। साल 2006 में खुद आशा भोसले ने बताया था कि उन्होंने 12 हजार गाने गाए हैं। यही नहीं आशा भोसले ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामित होने वाली पहली भारतीय गायिका भी हैं।

Next Story