
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- विधानसभा चुनाव: 11 बजे...
विधानसभा चुनाव: 11 बजे तक 39% फीसदी से ज्यादा मतदान, केरल-पुदुचेरी में भी 30% से अधिक वोटिंग

नई दिल्ली। दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 38.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुडुचेरी में 37.06 प्रतिशत और केरल में 33.28 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।
भगवान से आशीर्वाद मांगा
बता दें कि असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने घर पर विशेष पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने घर पूजा करने का एक वीडियो शेयर किया।
असम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि प्रभु का आशीर्वाद और जनता के विश्वास का संकल्प लेकर, असम के उज्ज्वल भविष्य की ओर। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, आज असम में मतदान हो रहा है। एक बेहतर असम के निर्माण की दिशा में हर आवाज और हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि आप बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके और असम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।




