Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी पर चुनाव प्रचार के दौरान हमला, सीने में लगी गंभीर चोट

DeskNoida
5 Nov 2025 11:40 PM IST
जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी पर चुनाव प्रचार के दौरान हमला, सीने में लगी गंभीर चोट
x
किसी असामाजिक तत्व ने दूर से पत्थर फेंका, जो सीधे उनके बाएं सीने पर आकर लगा। चोट लगने के बाद वे जमीन पर गिर गईं।

गया जिले के बाराचट्टी से बड़ी खबर सामने आई है। हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (HAM) की प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी पर बुधवार की शाम चुनाव प्रचार के दौरान हमला किया गया। यह घटना बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सुलेबट्टा के पास हुई, जब ज्योति देवी अपनी गाड़ी में बैठने जा रही थीं।

जानकारी के मुताबिक, किसी असामाजिक तत्व ने दूर से पत्थर फेंका जो सीधे उनके बाएं सीने पर लगा। पत्थर लगते ही वे नीचे गिर पड़ीं। कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचट्टी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर एस. हक ने बताया कि उनके बाएं सीने में चोट लगी है और इलाज जारी है।

ज्योति देवी ने बताया कि यह हमला उन्हें चोटिल करने और चुनाव प्रचार में डर पैदा करने की साजिश के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उनकी प्रचार गाड़ी को मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में क्षतिग्रस्त किया गया था। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेनिंग डीएसपी पिंकी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घायल प्रत्याशी का हाल जाना और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र में हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा के प्रत्याशी अनिल कुमार पर जानलेवा हमला किया गया था। इन लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में राजनीतिक तनाव का माहौल बन गया है।

बता दें कि एनडीए के सीट बंटवारे में जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा को छह सीटें मिली हैं। इनमें से तीन सीटों पर उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को टिकट दिया है। इमामगंज से बहू दीपा कुमारी, बाराचट्टी से समधन ज्योति देवी और जमुई जिले की सिकंदरा सीट से दामाद प्रफुल्ल कुमार मांझी को प्रत्याशी बनाया गया है।

फिलहाल पुलिस ने कहा है कि हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और चुनावी माहौल को बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story