Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

घर से बाहर सावधानी से निकलें, कहीं गर्म लू आपको बीमार ना कर दे

Aryan
17 May 2025 9:30 AM IST
घर से बाहर सावधानी से निकलें, कहीं गर्म लू आपको बीमार ना कर दे
x
लोगों को घर से कम बाहर निकालने की चेतावनी दी

नई दिल्ली। मई का आधा महीना बीत चुका है, हल्की-फुल्की बारिश के बाद अब तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने लू चलने की भी चेतावनी दी है। लोगों से घर से कम निकालने के लिए कहा गया है। देश के कई इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। जम्मू कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में लू की चेतावनी है।

जम्मू- कश्मीर के कुछ स्थानों पर लू

17 मई को दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, 18 और 19 मई को उत्तरी मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी जारी रहने और लू चलने की संभावना है। आईएमडी ने 18 मई तक जम्मू- कश्मीर के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई है। 17 मई को बिहार और ओडिशा में गर्म एवं आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने के साथ धूप खिली रही। 18 से 22 मई तक हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।

45.5 पर पहुंचा पंजाब का पारा

पंजाब के बठिंडा में पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और शुक्रवार को यह सबसे गर्म रहा। यह तब है जब बृहस्पतिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बाद तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी। तापमान में 2 से 3 डिग्री वृद्धि की संभावना है। कुछ हिस्सों में 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

46 डिग्री पर झुलसा श्रीगंगानगर

राजस्थान, खासकर पश्चिमी क्षेत्र के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उदयपुर और कोटा में दोपहर बाद 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और हल्की बारिश भी हुई। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।

Next Story