
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Bihar Election 2025:...
Bihar Election 2025: प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान! चुनाव नहीं लड़ेंगे, JDU जारी करेगी आज पहली लिस्ट

पटना। बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं। ऐसे में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी की पहली उम्मीदवारों की सूची आज दोपहर जारी की जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। साथ ही साथ खबर है कि जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर चुनाव नहीं लडेंगे।
बिहार चुनाव नहीं लड़ेंगे- प्रशांत किशोर
जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने ऐलान किया है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए जो काम कर रहे हैं, वह करते रहेंगे और संगठनात्मक कार्य जारी रखेंगे।
JDU आज जारी करेगी पहली लिस्ट
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने आज दो बड़ी घोषणाएं करते हुए बताया कि पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची आज जारी कर दी जाएगी। संजय झा ने स्पष्ट किया कि दूसरे चरण के उम्मीदवारों को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ बातचीत चल रही है और आज सारी चीजें फाइनल हो जाएंगी।
जेडीयू में सब कुछ ठीक-संजय झा
संजय झा ने कहा, "सब कुछ ठीक है।" वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी को लेकर उन्होंने कहा कि "कुछ लोग नॉरेटिव सेट कर रहे हैं। संजय झा ने कहा कि यह कहना गलत है कि नीतीश कुमार अब एक्टिव हुए हैं। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार एक्टिव कब नहीं थे? वह हर चीज पर नजर बनाए रखते हैं। गठबंधन पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने कहा एनडीए एकजुट है और बिहार के विकास के लिए मिलकर काम कर रहा है।"
RJD-VIP के बीच फाइनल डील
जानकारी के मुताबिक राजद (RJD) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के बीच फाइनल सहमति हो गई है। इस समझौते के तहत मुकेश सहनी की पार्टी को 18 सीटें दी गई हैं। बता दें कि कांग्रेस ने वीआईपी की सीटों का जिम्मेदारी आरजेडी को सौंपा था।