Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

BIHAR: बेगूसराय में विस्फोट, तीन पुलिसकर्मी घायल, जेल से रची थी घटना की साजिश, जानें क्या है पूरा मामला

Shilpi Narayan
11 April 2026 7:20 PM IST
BIHAR: बेगूसराय में विस्फोट, तीन पुलिसकर्मी घायल, जेल से रची थी घटना की साजिश, जानें क्या है पूरा मामला
x

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय से एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यहां बम धमाका हुआ है, इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि STF की टीम दरभंगा में हुए सोना लूटकांड में छापेमारी करने नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव गई थी। इस दौरान देसी बम में विस्फोट हुआ। इसी चपेट में आने से तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटनास्थल को किया सील

फौरन घायल पुलिसकर्मियों को नावकोठी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। यहां से दो पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दरअसल, धमाके के बाद बम निरोधक दस्ता और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस ने किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी है। हालांकि इस मामले में पुलिस का कहना है कि दरभंगा में तीन अप्रैल को प्रेम ज्वेलर्स में दो करोड़ रुपए की लूट हुई थी। ज्वेलरी शॉप के मालिक मनोज ठाकुर ने नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि करीब 700 ग्राम सोना, 25 किलो चांदी और लगभग 25 लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने इस लूटकांड से जुड़े 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं करीब 44 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए थे।

बेगूसराय कोर्ट में आत्मसमर्पण किया

आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बेगूसराय से वृंदावन गांव में आरोपी संदीप सिंह के घर के पास छापेमारी करने गई थी। इसी दौरान धमाका हो गया। इससे पहले चार अप्रैल को भी स्पेशल टीम बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव में छापेमारी गई थी। तब पुलिस और अपराधियों के बीच भिड़ंत भी हुई थी। अपराधियों ने गोलीबारी भी की थी। इसके बाद पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दलसिंहसराय थाना क्षेत्र से एक आरोपी गिरफ्तार किया गया और एक ने बेगूसराय कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।

घटना की जेल में रची थी साजिश

वहीं दरभंगा पुलिस असम से भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाई। बता दें कि पुलिस जांच में सामने आया है कि इस लूट की पूरी साजिश दलसिंहसराय जेल से रची गई थी। जेल में बंद कुछ अपराधियों के इशारे पर 20 से ज्यादा अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अधिकांश आरोपी नए हैं और उनका कोई बड़ा आपराधिक इतिहास अब तक सामने नहीं आया है।

Next Story