
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Bihar Temple Stampede:...
Bihar Temple Stampede: गर्भगृह के पास जानबूझकर किया गया था अवरोध खड़ा, 40 लोग पर लगा आरोप, 4 की गिरफ्तारी...

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला देवी मंदिर में बीते कल यानी मंगलवार को भगदड़ मचने से आठ श्रद्धालुओं की मौत हुई और कई लोग घायल हो गए थे। इस बीच आज यानी बुधवार को मंदिर में पूजा अर्चना की जा रही है। वहां लोग पहुंच रहे हैं और माता की पूजा अर्चना कर रहे हैं। लेकिन इस दौरान मंगलवार को हुए हादसे को लेकर दीपनगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में 40 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
पुलिस अधिकारी के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज
बताया गया कि दीपनगर थाना की पुलिस अधिकारी मौसमी कुमारी के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों सहित 20 लोगों को नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भीड़ प्रबंधन को सूचना नहीं मिली थी
दरअसल आरोप है कि मंदिर समिति ने मेला या भीड़ प्रबंधन की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी थी। गर्भगृह के पास जानबूझकर अवरोध खड़ा किया गया, ताकि अवैध वसूली की जा सके। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के बजाय श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। बता दें कि मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला देवी मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
स्थानीय लोगों ने व्यवस्था में कमी बताया
स्थानीय लोग इस भगदड़ का कारण मंदिर और मंदिर के आसपास व्यवस्था की कमी बताते हैं। वैसे, भगदड़ की घटना के पीछे मुख्य कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। दरअसल, यह मंदिर स्थानीय तौर पर ही नहीं, क्षेत्रीय तौर पर लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। यहां प्रत्येक मंगलवार को लोगों की भारी भीड़ लगती है।




