Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

भाजपा ने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप, तीन दिनों तक सदन में सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य...

Aryan
12 April 2026 12:24 PM IST
भाजपा ने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप, तीन दिनों तक सदन में सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य...
x
भाजपा ने कहा सभी को व्हिप का पूरी तरह पालन करना होगा, इस दौरान किसी को छुट्टी नहीं मिलेगी।

नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी सांसदों के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। व्हिप के मुताबिक,16 से 18 अप्रैल तक कोई भी सांसद गैरहाजिर नहीं रह सकता। 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। पार्टी की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को इन तीनों दिनों में सदन में मौजूद रहना जरूरी है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्रियों को भी पूरे समय उपस्थित रहने को कहा गया है। इतना ही नहीं इस दौरान किसी को छुट्टी नहीं मिलेगी और सभी को व्हिप का पूरी तरह पालन करना होगा।

तीन-पंक्ति जारी किया व्हिप

भाजपा की ओर से व्हिप में कहा गया है कि लोकसभा और राज्यसभा के सभी भाजपा सदस्यों के लिए 16 से 18 अप्रैल तक तीन-पंक्ति व्हिप जारी किया जा रहा है। सभी केंद्रीय मंत्रियों और सदस्यों से अनुरोध है कि वे उपरोक्त तीनों तिथियों पर सदन में उपस्थित रहें। सदन में उपस्थिति अनिवार्य है। कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। सदस्यों से अनुरोध है कि वे व्हिप का सख्ती से पालन करें और सदन में अपनी निर्बाध उपस्थिति सुनिश्चित करें। आपके सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद।

‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर किया आग्रह

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में सभी दलों के नेताओं को पत्र लिखकर समर्थन का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि इस संशोधन को पारित कराने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए और अधिक से अधिक सांसदों को इस विषय पर संसद में अपने विचार रखने चाहिए। उन्होंने इसे किसी एक पार्टी अथवा व्यक्ति से ऊपर का विषय बताया है।


Next Story