
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बंगाल को जीतने के लिए...
बंगाल को जीतने के लिए बीजेपी चली बिहार की चाल! बंगाली महिलाओं के लिए बमबम घोषणाएं...आधी आबादी को मिलेगा हर माह 3000 रुपये, सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण

कोलकता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। उन्होंने इसे 'भरोसे का पत्र' बताया है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र राज्य के हर वर्ग की उम्मीदों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बीजेपी की घोषणापत्र में किसान, युवा वर्ग और महिलाओं का खास ध्यान रखा गया है। बीजेपी ने राज्य में परिवर्तन और सुशासन लाने का वादा किया है।
युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी खास जोर
अमित शाह ने कहा कि इस घोषणापत्र में किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आ रही चुनौतियों से जूझ रहे किसानों को इससे नई दिशा मिलेगी, जबकि युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी खास जोर दिया गया है। इसके साथ ही बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को पुनर्स्थापित करने की बात भी इसमें प्रमुख रूप से शामिल है।
7वां वेतन आयोग लागू करने का वादा
इसके अलावा अमित शाह ने सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने के 45 दिनों के अंदर 7वां वेतन आयोग और केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को लागू करेंगे। साथ ही छह महीने के भीतर यूसीसी भी लागू करेंगे। महिलाओं के लिए घोषणा करते हुए कहा कि हमारी सरकार 'लक्ष्मी भंडार' योजना के लाभार्थियों को हर महीने 1 से 5 तारीख तक खाते में 3 हजार रुपए ट्रांसफर करेगी।
मुफ्त बस यात्रा और ‘लखपति दीदी’ योजना पर जोर
महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए राज्य में पुलिस बल सहित सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही 75 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर मंडल में महिला थाने और महिला डेस्क स्थापित करने की योजना है, ताकि महिलाओं को बेहतर और त्वरित सहायता मिल सके। यह भी कहा गया है कि ऐसा माहौल तैयार किया जाएगा, जहां महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल न उठे और उन्हें किसी भी समय बाहर निकलने में असुरक्षा महसूस न हो।
गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और 6 पोषण किट देने की योजना है। वहीं, राज्य संचालित बसों में सभी महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा लागू करने का भी वादा किया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि में हम राज्य की तरफ से अतिरिक्त 3,000 रुपये जोड़ेंगे और किसानों को सालाना 9,000 रुपये की वित्तीय सहायता देंगे।
200 दिनों के अंदर अवैध कब्जों को हटाने का लक्ष्य
राज्य के विकास को गति देने के लिए व्यापक योजनाओं का खाका पेश किया गया है। इसके तहत कोलकाता मेट्रो का पूरी तरह विद्युतीकरण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाया जा सके। रेलवे परियोजनाओं को तेजी देने के लिए एक साल के भीतर 61 प्रोजेक्ट्स के लिए भूमि उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, ताकि ये परियोजनाएं विकास की मुख्य धुरी बन सकें। इसके साथ ही, सरकारी जमीनों से अवैध कब्जों को 200 दिनों के भीतर हटाने का लक्ष्य तय किया गया है। नदी-नालों में पेट्रोलिंग की एक नई आधुनिक तकनीक से युक्त वैज्ञानिक व्यवस्था करेंगे।
युवाओं को हर महीने दिया जाएगा 3,000 रुपये
अमित शाह ने कहा कि हाल ही में स्नातक पूरा करने वाले युवाओं को हर महीने 3,000 रुपये का भत्ता देने का वादा किया गया है, ताकि वे अपने करियर की शुरुआत में आर्थिक सहयोग प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को 15,000 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की योजना भी शामिल है, जिससे उनकी पढ़ाई और तैयारी में मदद मिल सके।
उम्मीदवारों को आयुसीमा दी जाएगी छूट
इसके अलावा पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार के कारण जिन युवाओं ने आयु सीमा पार कर ली है, उन्हें विशेष राहत देने का प्रस्ताव रखा गया है। ऐसे उम्मीदवारों को अधिकतम पांच साल तक की आयु सीमा में छूट दी जाएगी, ताकि वे दोबारा अवसर पा सकें। 2015 के बाद से जिन युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर नहीं मिल पाए हैं, उनके लिए भी पर्याप्त भर्ती अवसर सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है।
घुसपैठियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ और सुरक्षा का वादा
अमित शाह ने बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठ की वजह से बंगाल का अस्तित्व खतरे में है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आप एक बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाइए, हम चुन-चुनकर एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे और बंगाल के साथ-साथ पूरे देश को सुरक्षित करेंगे।
ममता सरकार पर तीखा हमला
अमित शाह ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन की तुलना ‘कालरात्रि के दुःस्वप्न’ से की। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद के साथ जनता ने कम्युनिस्टों को हटाकर ममता दीदी को चुना था, वे उन पर खरी नहीं उतरीं। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के राज में ‘सिंडिकेट’, ‘गुंडाराज’ और ‘भ्रष्टाचार’ ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है। शाह के मुताबिक, अब बंगाल की जनता डरी हुई है और बदलाव चाहती है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘चार्जशीट’
अमित शाह ने कहा कि बीते 10 वर्षों में भाजपा ने बंगाल में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है। पार्टी ने जनता के सामने ममता सरकार के खिलाफ एक ‘चार्जशीट’ भी रखी है, जिसमें 15 सालों की नाकामियों और निराशाओं को उजागर किया गया है। भाजपा ने भरोसा दिलाया है कि अगले 5 साल बंगाल के अंदर विकास के बंद रास्ते खोल देंगे।




