
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- असम में भाजपा को लगा...
असम में भाजपा को लगा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहेन ने 17 सदस्यों संग दिया इस्तीफा

असम। असम से एक बड़ी खबर आ रही है। भाजपा को अचानक से कड़ा झटका लगा है। दरअसल, आज पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा में चार बार सांसद रहे राजेन गोहेन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इतना ही नहीं उनके साथ पार्टी के 17 सदस्यों ने भी त्यागपत्र सौंप दिया है। बता दें कि सांसद राजेन गोहेन ने अपने इस्तीफे का फैसला राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया को पत्र में लिखकर बताया है। पत्र में उन्होंने कहा है कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी जिम्मेदारियों से तुरंत प्रभाव से अब हटने जा रहे हैं।
सांसद राजेन गोहेन के इस्तीफा देने की वजह
जानकारी के अनुसार, इस्तीफा देने वाले अधिकतर सदस्य ऊपरी और मध्य असम से हैं। राजेन गोहेन ने कहा है कि उन्होंने इस्तीफा इसलिए दिया क्योंकि पार्टी ने असम के लोगों से किए गए वादों को अब पूरा नहीं किया है। पार्टी ने स्थानीय समुदाय के लोगों को गुमराह किया है, उन्हें धोखा दिया है। वहीं, अन्य राज्य के लोगों को प्रदेश में बसने की अनुमति प्रदान की।
राजेन गोहेन नागांव से 20 सालों से सांसद हैं
गौरतलब है कि राजेन गोहेन ने 1999 से 2019 तक नागांव संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। राजेन 2016 से 2019 तक रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री के पद पर कार्यरत थे। भाजपा पार्टी में रहने के दौरान वो प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। बता दें कि राजेन चाय बागान के मालिक भी है। इसके साथ ही कई अन्य क्षेत्रों में भी काफी सक्रिय हैं।