
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- यूपी विधानसभा चुनाव...
यूपी विधानसभा चुनाव में बढ़ सकती है BJP की मुश्किलें! चिराग पासवान ने सभी सीटों पर अकेले लड़ने का किया ऐलान...

नई दिल्ली। एनडीए गठबंधन में शामिल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ी घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ेगी। पूर्वी यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र में उनकी पार्टी का गठबंधन बीजेपी से है लेकिन प्रदेश में किसी तरह का गठबंधन नहीं है।
कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
पार्टी नेता ने कहा कि 2027 में सत्ता की चाभी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के हाथों में रहेगी। राजीव पासवान ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए के नाम पर अखिलेश यादव वंचित समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। अब अखिलेश यादव को कांशीराम की जयंती याद आ रही है, उन्हें बाबा साहब भीमराव आंबेडकर याद आ रहे हैं। राजीव पासवान ने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को भी अब मान्यवर कांशीराम को भारत रत्न दिलाने की याद आ रही है। लेकिन जब उनकी सरकार थी तब उन्होंने आखिर कांशीराम को भारत रत्न क्यों नहीं दिया था।
बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को हराने का किया प्रयास
राजीव पासवान ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने ही बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को दो-दो बार लोकसभा चुनाव हारने का काम किया था। हम दलितों के मसीहा लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान के कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। हमें यानी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) लोगों का अच्छा जन समर्थन भी मिल रहा है। गौरतलब है कि चिराग पासवान की पार्टी का बिहार और केंद्र में बीजेपी के साथ गठबंधन है।




