
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- BJP की रीतू तावड़े...
BJP की रीतू तावड़े बनेंगी मुंबई की नई मेयर! जानें कौन है जिनपर भाजपा ने जताया भरोसा

मुंबई। मुंबई नगर निगम चुनाव में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो चुके हैं। यहां मेयर बीजेपी का चुना जाना है और पार्टी ने इस पद के लिए रीतू तावड़े का नाम चुन लिया है। वह जल्द ही मेयर पद के लिए नामांकन करेंगी। इससे पहले ही बीएमसी में बीजेपी के पार्षद पहुंच रहे हैं।
रीतू तावड़े महापौर पद के लिए भरेंगी नामांकन
बता दें कि भाजपा की ओर से रीतू तावड़े महापौर पद के लिए जल्द ही नामांकन भरेंगी। वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना की ओर से संजय घाड़ी नामांकन भरेंगे। उनका उप महापौर का पद सवा वर्ष के लिए रहेगा। दरअसल, रीतु तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में वह महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक मुद्दों को कुशलता से सुलझाने के लिए जाना जाता है।
गुजराती बहुल वार्ड में अपनी अच्छी पकड़ बनाई
दरअसल, रीतु मराठा समुदाय से होने के बावजूद, उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में अपनी अच्छी पकड़ बनाई है। उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद से पार्टी में लगातार उनका कद मजबूत हुआ है। रितू तावड़े बीजेपी की सीनियर कॉर्पोरेटर हैं। वह 2012 में वार्ड नंबर 127 से जीती थीं। 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से चुनी गई थीं। इसके बाद 2025 के चुनाव में वार्ड नंबर 132 से जीतीं। वह मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन रह चुकी हैं। उन्हें मेयर पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
लॉटरी में रीतू तावड़े का नाम चुना गया है
बीएमसी चुनाव 15 जनवरी को हुए थे, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को बहुमत मिला। इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी और लगभग 89 सीटें जीतीं। वहीं, शिवसेना शिंदे गुट को 29 सीटें मिलीं। कुल मिलाकर महायुति के पास 118 से ज्यादा सीटें हैं। 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिए। यहां 2017 में आखिरी बार मेयर चुना गया था। इसके बाद से यह जगह खाली थी। पिछले चार साल से यहां प्रशासक शासन था। अब मेयर का चुनाव हो रहा है। मेयर पद इस बार सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। लॉटरी में रीतू तावड़े का नाम चुना गया है।




