
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- 'कैंसर, बनाने वाले...
'कैंसर, बनाने वाले नर्क में जलेंगे'... पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान पर नेतन्याहू भड़के! जानें क्या कहा...

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान और इजरायल के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दरअसल पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को लेकर बड़ा बयान दिया। इस बयान को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए तीखा हमला बोला है। जानकारी के मुताबिक, ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता की तैयारी हो रही है, उसी समय लेबनान में लोगों की हत्या की जा रही है।
ख्वाजा आसिफ ने इजराइल की आलोचना की
जानकारी के अनुसार, ख्वाजा आसिफ ने पहले इजराइल की आलोचना करते हुए उसे मानवता के लिए अभिशाप बताया था और कथित तौर पर 'नरक में जलना' जैसी कड़ी भाषा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने इजरायल पर आरोप लगाते हुए कहा कि गाजा, ईरान और अब लेबनान में निर्दोष लोगों का खून बहाया जा रहा है। इतना ही नहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को अभिशाप बताते हुए उसकी तुलना कैंसर से की। हालांकि, मामले के तूल पकड़ने के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल के खिलाफ दिए गए कैंसर वाले बयान समेत उन्हें नर्क में जला देने वाले ट्वीट को डिलीट कर दिया है। हालांकि, इस पर पाकिस्तान सरकार या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने जताई कड़ी आपत्ति
आसिफ के बयान पर इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताया और कहा कि किसी भी सरकार की ओर से इस तरह की बात बर्दाश्त नहीं की जा सकती, खासकर उस देश से जो खुद को शांति प्रक्रिया का हिस्सा बता रहा है। इजरायल के विदेश मंत्री गिडियन सार ने भी पाकिस्तान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान खतरनाक हैं और इससे इजरायल के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने साफ किया कि इजरायल अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं है
गौरतलब है कि यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जंग जारी है। हाल ही में हुए हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। लेबनान को लेकर सीजफायर पर भी मतभेद बना हुआ है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का कहना है कि सीजफायर पूरे क्षेत्र पर लागू है, जिसमें लेबनान भी शामिल है। लेकिन इजरायल और अमेरिका का कहना है कि लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं है।




