
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- इतिहास की किताबों से...
इतिहास की किताबों से मुगल शासकों को हटाने पर भड़कीं ‘चमकीला’ अभिनेत्री, सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

मुंबई। 'चमकीला' फेम एक्ट्रेस साहिबा बाली एनसीईआरटी की किताबों में किए गए बदलावों से खुश नहीं हैं। एक्ट्रेस ने इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि हटाई गई घटनाओं को भी जानना जरूरी है।
सोशल मीडिया स्टोरी में साहिबा ने लिखा
एक्ट्रेस साहिबा बाली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाते हुए मुगल इतिहास को किताबों से हटाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि जरूर और अधिक क्षेत्रीय इतिहास शामिल करें, धार्मिक चीजों को भी पढ़ाएं, भारतीय शासकों पर ध्यान केंद्रित करें, लेकिन आप इतिहास कैसे हटा सकते हैं? शासकों (या आक्रमणकारियों, इसे जो भी कहें) का पूरा प्रभाव और भारतीय उपमहाद्वीप पर इसका प्रभाव?
उन्होंने आगे कहा कि यह बिल्कुल विचित्र सा है। खासकर उत्तरी सीमांत क्षेत्र की समझ के लिए। उत्तर भारत पर फारसी, तुर्की, अफगान का प्रभाव हिंदुस्तान की पहचान के लिए जरूरी है। मुझे इस पर यकीन नहीं हो रहा है।
एनसीईआरटी ने किए थे ये बदलाव
बता दें एनसीईआरटी ने हाल ही में कक्षा सात की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक में बदलावा किए हैं। नए पाठ्यक्रम में मुगलों, तुगलकों, लोधी और खिलजी जैसे मध्यकालीन भारतीय शासकों पर आधारित अध्यायों को हटा दिया गया है। उनकी जगह प्राचीन भारतीय राजवंशों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक परंपराओं पर अध्याय शामिल किए गए हैं।