Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर घिरे चन्नी, भाजपा ने कहा- कांग्रेस पाकिस्तान परस्त पार्टी

Varta24Bureau
3 May 2025 11:44 AM IST
सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर घिरे चन्नी, भाजपा ने कहा- कांग्रेस पाकिस्तान परस्त पार्टी
x
भाजपा का कहना- जब पूरा देश सेना के साथ खड़ा है ताकि आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे सकें, तब कांग्रेस पार्टी सेना का मनोबल गिरा रही है।

नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक की सच्चाई पर सवाल उठाए थे। हालांकि, आलोचना के बाद वह अपने बयान से पीछे हट गए और उन्होंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कोई सबूत नहीं मांगा था। अब भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने चरणजीत सिंह चन्नी के सबूत मांगने वाले बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर भारतीय सेना का मनोबल गिराने के आरोप लगाए हैं।

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर कसा तंज

शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस अब पाकिस्तान परस्त पार्टी बन गई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। ये बार-बार सेना का मनोबल गिराने का प्रयास करते हैं। पहले भी राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा था। कांग्रेस नेता रॉबर्ट वाड्रा ने हिंदुत्व को दोषी ठहराया और पाकिस्तान को क्लीन चिट दी। ये हमेशा पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाते हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सेना के साथ खड़ा है ताकि आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके, तब कांग्रेस पार्टी सेना का मनोबल गिरा रही है।

क्या बोले थे चन्नी?

दरअसल, बीते शुक्रवार चन्नी ने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि 40 भारतीय सैनिक मारे गए थे और जब चुनाव हुए, तो सरकार ने कार्रवाई का दावा किया। लेकिन हमने कभी नहीं देखा कि पाकिस्तान में कहां हमले किए गए और कहां लोग मारे गए। चन्नी ने कहा कि अगर कोई हमारे देश में बम फेंके, तो क्या लोगों को पता नहीं चलेगा? उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करने का दावा किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। सर्जिकल स्ट्राइक कहीं नहीं देखी गई और किसी को उसके बारे में पता भी नहीं था।

जब चन्नी से पूछा गया कि क्या उन्होंने इन हमलों का सबूत मांगा था, तो उन्होंने कहा कि मैं हमेशा से इसकी मांग करता रहा हूं। इस बयान के चलते भाजपा के पलटवार के बाद कांग्रेस नेता ने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के संबंध में किसी सबूत की जरूरत नहीं है। चन्नी ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी सरकार के साथ खड़ी है। अगर सरकार पाकिस्तान की जल आपूर्ति बाधित करती है या कोई भी अन्य कार्रवाई करती है, तो हम चट्टान की तरह उसके साथ खड़े हैं।

Next Story