
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- मुख्यमंत्री नीतीश...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले में शामिल होंगी 4 नई बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियां, जानें क्या है कारण

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए उनके काफिले में जल्द ही 4 नई बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियां शामिल की जाएंगी। बता दें कि यह निर्णय पूरी तरह से सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ये गाड़ियां उन्नत तकनीक से लैस होंगी, जिनमें AK-47 की गोलियों, धमाकों (TNT) और यहाँ तक कि गैस हमलों को झेलने की क्षमता होगी। इनमें रन-फ्लैट टायर, मल्टी-लेयर बुलेटप्रूफ ग्लास और एडवांस्ड कम्युनिकेशन सिस्टम जैसे फीचर्स शामिल होंगे।
गाड़ियों की संख्या और लागत
बिहार सरकार ने 4 बुलेटप्रूफ रेंज रोवर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रत्येक गाड़ी की अनुमानित लागत लगभग ₹2.79 करोड़ है, और कुल प्रोजेक्ट पर करीब ₹11.17 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इन 4 गाड़ियों में से कुछ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले का हिस्सा बनेंगी, जबकि एक गाड़ी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी आवंटित की जा सकती है।
पहली बार हाई-एंड लग्जरी एसयूवी शामिल होगी
नीतीश कुमार पटना में हुंडई आयोनिक 5 (Hyundai Ioniq 5) इलेक्ट्रिक कार (गैर-बुलेटप्रूफ) और पटना के बाहर टाटा सफारी (बुलेटप्रूफ) का इस्तेमाल करते रहे हैं। यह पहली बार होगा जब उनके काफिले में इस स्तर की हाई-एंड लग्जरी एसयूवी शामिल होगी। बता दें कि सरकार ने कुल 16 नई बुलेटप्रूफ गाड़ियाँ खरीदने की योजना बनाई है, जो राज्यपाल और अन्य वीवीआईपी सुरक्षा के लिए भी उपयोग की जाएंगी।




