
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- CM मोहन यादव ने श्री...
CM मोहन यादव ने श्री कृष्ण को 'माखन चोर' कहने पर जताई आपत्ति, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने किया पलटवार कहा- नया इतिहास लिखना चाहते हैं

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर एक बयान दिया था, जिसे लेकर सियासी जंग शुरू हो गई है। कृष्ण को माखन चोर कहा जाता है, लेकिन मोहन यादव ने इस बारे में जो कहा उसे लेकर विपक्ष ने ऐतराज जताया है। विपक्ष ने कहा कि मोहन यादव सनातन धर्म तथा कृष्ण की लीलाओं के इतिहास को बदलना चाहते हैं। एमपी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मोहन यादव मुख्यमंत्री हैं, उन्हें जो करना है कर सकते हैं, लेकिन उन्हें वोट चोरी पर जवाब देना ही होगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा था
दरअसल,सीएम हाउस में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा था कि कृष्ण के घर हजारों गायें थीं तथा वहां दूध, घी एवं माखन की कमी नहीं थी। ऐसे में भला वे माखन क्यों चुराते। सीएम मोहन यादव के अनुसार, वास्तव में माखन मटकी फोड़ना कंस राज के खिलाफ एक विद्रोह का प्रतीक था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के बाद से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अपने भाषणों में इस बात का जिक्र दोहरा रहे हैं।
आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि कृष्ण यह जताना चाहते थे कि उनके घर का माखन तथा दूध आखिर कहां जा रहा है। कंस रोज उन्हें मारने के लिए असुर भेजता था एवं घर का माखन भी उन्हीं के पास होता था। ऐसे में बालकृष्ण अपने साथियों को संगठित करते थे और मटकी फोड़कर इस अन्याय का विरोध जताते थे। हमारे घर में भी हजारों गायें थीं, रोज माखन बनता था। लेकिन एक छोटा बच्चा कितना माखन खायेगा, इसलिए माखन चुराने की बात सही नहीं है। दरअसल कंस राज के खिलाफ ये कृष्ण का पराक्रम था।
विपक्ष का पलटवार
भारतीय सनातनी संस्कृति में भजनों में तथा सत्संग की कथाओं में सहज रूप से श्री कृष्ण को माखन चोर बोला जाता है, उन्हें उसी रूप में देखा भी जाता है। यही वजह है कि विपक्ष को भी मोहन यादव पर निशाना साधने का मौका मिल गया। मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि मोहन यादव कृष्ण लीलाओं की कहानी बदलकर इतिहास लिखना चाहते हैं। उन्होंने कहा मोहन यादव अपना इतिहास लिखना चाहते हैं लेकिन जो इतिहास में सालों से कृष्ण की लीलाओं के बारे में बताया गया है, क्या सनातन धर्म से पुरानी कथाओं में भी बदलाव करना चाहते हैं।