Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

सीएम योगी 28 लाख विद्यार्थियों को भेजेंगे 3350 करोड़ की छात्रवृत्ति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को देंगे यह सौगात...

Aryan
30 March 2026 11:51 AM IST
सीएम योगी 28 लाख विद्यार्थियों को भेजेंगे 3350 करोड़ की छात्रवृत्ति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को देंगे यह सौगात...
x
नए आंगनबाड़ी केंद्रों और परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास भी किया जाएगा

लखनऊ। यूपी के नए शैक्षणिक सत्र को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ आज यानी सोमवार को छत्रों के खाते में छात्रवृत्ति की राशि भेजेंगे। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कक्षा 9-10 और उससे ऊपर की कक्षाओं के कुल 2799982 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में करीब 3350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति की राशि भेजी जाएगी।

राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दी जानकारी

पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा कि लाभान्वित छात्रों में अनुसूचित जाति के 668707 विद्यार्थियों को 467.94 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 495793 विद्यार्थियों को 779.10 करोड़ रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग के 1352357 विद्यार्थियों को 1838.59 करोड़ रुपये, अल्पसंख्यक वर्ग के 275889 विद्यार्थियों को 252.76 करोड़ रुपये और अनुसूचित जनजाति के 7236 विद्यार्थियों को 11.61 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 6505151 लाभार्थियों को 4735.04 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में मिलेगी।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी जाएगी बड़ी सौगात

आज यानी सोमवार को सीएम लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को भी कई बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं को गति देने के लिए नई पहल की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित करेंगे। इनमें बच्चों की लंबाई और वजन मापने वाले उपकरण शामिल हैं।

उपकरण से स्वास्थ्य और पोषण की होगी निगरानी

इससे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी। साथ ही नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इसके साथ ही नए आंगनबाड़ी केंद्रों और परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास भी किया जाएगा।

Next Story