
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- 'नो हैंडशेक' पर...
'नो हैंडशेक' पर कांग्रेस का प्रहार! राशिद अल्वी ने कहा- क्या भारतीय कप्तान का कद विदेश मंत्री से बड़ा हो गया है, जानें यह कहने के मायने

नई दिल्ली। भारत क्रिकेट के मैदान पर पाकिस्तान को हरा दिया है लेकिन देश में सियासत शुरू हो गई है। भारत और पाक के बीच खेले गए मुकाबले पर कांग्रेस ने जोरदार हमला बोला है। दरअसल, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि वह नहीं चाहते थे कि यह मैच हो, लेकिन भारत सरकार पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना चाहती है। उन्होंने भारत सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर सरकार की नीति है क्या।
खिलाड़ियों का चेहरा भी नहीं देखा जाना चाहिए
बता दें कि कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ मैच खेलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि पहलगाम में मारे गए लोगों का यह अपमान है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग यह मैच नहीं देख रहे हैं और देखना भी नहीं चाहिए। वहीं उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार क्रिकेट भी खेलेगी और ऑपरेशन भी करेगी, लेकिन नीति स्पष्ट नहीं है। अल्वी ने कहा कि जो लोग आतंकवादियों की मदद करते हैं, उनके खिलाड़ियों का चेहरा भी नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने इसे देश की भावनाओं के खिलाफ बताया।
वे गर्व महसूस कर रहे थे
दरअसल, मैच से पहले टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्या कुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा के बीच हैंडशेक नहीं होने के मुद्दे पर भी अल्वी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय कप्तान ने एक संदेश दे दिया है और उनका कद विदेश मंत्री से बड़ा हो गया है। वहीं अल्वी ने आरोप लगाया कि जब विदेश मंत्री पाकिस्तान के स्पीकर से बांग्लादेश के ढाका में हाथ मिला रहे थे, तब ऐसा लग रहा था कि वे गर्व महसूस कर रहे थे।
पाकिस्तान के साथ मैच खेलना गलत संदेश
बता दें कि कांग्रेस के साथ-साथ अन्य विपक्षी दल भी शुरू से भारत-पाक मैच के खिलाफ रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि जो देश आतंकवाद को बढ़ावा देता है, उसके साथ किसी भी प्रकार का खेल संबंध नहीं होना चाहिए। उनका आरोप है कि सरकार दोहरी नीति अपना रही है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि देश की सुरक्षा और शहीदों के सम्मान को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ऐसे में पाकिस्तान के साथ मैच खेलना गलत संदेश देता है।




