
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- स्पीकर ओम बिरला के...
स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस लाई अविश्वास प्रस्ताव, जानें क्यों उठाया गया यह कदम

नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। कांग्रेस अब स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने इससे संबंधित नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया है। लोकसभा के महासचिव को सौंपे गए नोटिस के बाद ओम बिरला ने खुद को सदन की कार्यवाही के संचालन से अलग कर लिया है और मंगलवार को वह सदन की कार्यवाही का संचालन करने आसन पर नहीं आए पार्टी ने नियम 94सी के तहत यह प्रस्ताव लाया है। भारतीय इतिहास में ऐसे 3 मौके आए हैं जब स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया है। सबसे पहले 1954 में ये लाया गया था।
क्यों उठाया गया यह कदम?
विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर ने सदन की कार्यवाही में पक्षपाती रवैया अपनाया है और विपक्ष की आवाज को दबाया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, स्पीकर साहब का खुद निरादर किया गया है। स्पीकर साहब पर दबाव है कि उनको खुद बयान देना पड़ रहा है जो सही नहीं है। सवाल ही नहीं उठता कि पीएम पर कोई हमला करे। सरकार द्वारा उन पर दबाव डाला गया है इसलिए उन्होंने ये कहा है क्योंकि उस दिन पीएम मोदी की हिम्मत नहीं हुई सदन में आने की। इसलिए स्पीकर सफाई दे रहे हैं, ये गलत बात है।
राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं
जानकारी के मुताबिक इस प्रस्ताव पर राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं है। बता दें कि नोटिस पर राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं होने की मुख्य वजह यह है कि वह स्वयं इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं। विपक्ष का मुख्य आरोप ही यह है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने का पर्याप्त समय नहीं दिया जा रहा है और उनके साथ पक्षपात किया जा रहा है।
किरेन रिजिजू ने फ्लोर लीडर्स के साथ की बैठक
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में गतिरोध खत्म करने के लिए सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विपक्ष इस बात पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार हो गया है। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक वर्जन नहीं आया है।




