
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- कांग्रेस कांशीराम की...
कांग्रेस कांशीराम की बनाई गई BSP को कमजोर करने में लगी...राहुल का कांशीराम का गुणगान करना मायावती को चुभा

लखनऊ। काशीराम की जयंती से पहले कांग्रेस ने लखनऊ में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस पर अब मायावती ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जैसा कि सर्वविदित है कि कांग्रेस पार्टी ने काफी वर्षो तक केन्द्र की सत्ता में रहकर दलितों के मसीहा व भारतीय संविधान के मूल निर्माता परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर का कभी भी आदर-सम्मान नहीं किया और ना ही उनको भारतरत्न की उपाधि से भी सम्मानित किया। भला फिर यह पार्टी अब कांशीराम को कैसे इस उपाधि से सम्मानित कर सकती है? बता दें कि कल राहुल गांधी ने कहा था कि नेहरू होते तो कांशीराम को सीएम बनाते। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस का यह गुणगान मायावती को चुभ गया।
सपा सरकार ने भी राजकीय शोक घोषित किया
उन्होंने आगे कहा कि इसी कांग्रेस पार्टी ने केन्द्र में अपनी सत्ता के रहते हुए इनके (मान्यवर श्री कांशीराम जी के) देहांत होने पर एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया तथा ना ही उस समय यूपी की सपा सरकार ने भी राजकीय शोक घोषित किया। इसी प्रकार दूसरी पार्टियों के हाथों में खेल कर दलित समाज के बने अनेकों संगठन व पार्टियां आदि भी इनके नाम को भुनाने की कोशिश में हमेशा लगी रहती हैं।
बीएसपी को कमजोर करने में लगी
बसपा प्रमुख ने कहा कि अब ये सभी पार्टियां आए दिन किस्म-किस्म के हथकंडे इस्तेमाल करके कांशीराम द्वारा बनाई गई पार्टी बीएसपी को कमजोर करने में लगी हैं। अतः इनके अनुयायी व समर्थक हमेशा इनसे सचेत रहें। खासकर कांग्रेस पार्टी से जरूर सजग रहें, जिसकी दलित-विरोधी सोच व मानसिकता होने की वजह से ही बी.एस.पी. बनानी पड़ी है। साथ ही, कल 15 मार्च 2026 को मान्यवर कांशीराम की जयन्ती पर इनकी द्वारा निर्मित पार्टी बीएसपी के सभी कार्यक्रर्मों को उ.प्र. सहित पूरे देश में पार्टी के लोग जरूर कामयाब बनायें , यही अपील।




