Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बोडोलैंड की अनेक पीढ़ियों को कांग्रेस ने झूठे सपनों में उलझाए रखा...आज शांति और विकास की राह पर: पीएम मोदी

Shilpi Narayan
13 March 2026 4:35 PM IST
बोडोलैंड की अनेक पीढ़ियों को कांग्रेस ने झूठे सपनों में उलझाए रखा...आज शांति और विकास की राह पर: पीएम मोदी
x

गुवाहाटी। पीएम मोदी के असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा। पीएम का आज कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन उसे रद्द कर दिया गया, जिसके बाद पीएम गुवाहाटी पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया।

परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया

गुवाहाटी पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने राजधानी गुवाहाटी से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए असम के कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि मौसम खराब होने की वजह से मैं कोकराझार नहीं आ पा रहा हूं। मैं आप सभी का क्षमाप्रार्थी हूं। यहां गुवाहाटी से ही आपसे संवाद संभव हुआ है। मैं दिल्ली से निकला था आपके पास आने के लिए, लेकिन मुझे गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा और अब मैं यहां से आपके दर्शन भी कर रहा हूं और आपसे बात भी कर रहा हूं।

विकास के लिए निरंतर काम कर रही है

उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की विरासत के संरक्षण और असम के तेज विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। आज यहां इस कार्यक्रम में ही इस क्षेत्र के विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें से 1,100 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि बोडोलैंड की सड़कों के लिए खर्च होने जा रही है। असम माला अभियान के तीसरे चरण से असम की रोड़ कनेक्टिविटी और अधिक सशक्त होगी। वहीं नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस असम और त्रिपुरा के बीच संपर्क को सुधारते हुए यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए अंतर-राज्यीय यात्रा को सुगम बनाएगी।

परियोजनाओं का शिलान्यास किया

इससे पहले पीएम मोदी ने 3,200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली एक प्रमुख सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजना 'असम माला 3.0' की शुरुआत की। इस योजना के तहत, अंतर-राज्यीय संपर्क को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय राजमार्गों व ग्रामीण सड़कों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए असम भर में 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपए के निवेश से निर्मित छह सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनमें चार फ्लाईओवर और दो पुल शामिल हैं।

ग्रामीण आवागमन में सुधार लाने में मदद मिलेगी

इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात जाम कम करने और संपर्क, पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य सेवा और ग्रामीण आवागमन में सुधार लाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, पीएम मोदी ने कोकराझार जिले के बाशबारी में आवधिक मरम्मत (पीओएच) कार्यशाला की आधारशिला रखी। पीएम मोदी ने असम और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में संपर्क सुधारने के उद्देश्य से शुरू की गई तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है, जो उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, असम और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगी।

चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएं

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने स्वदेशी लोगों की जमीन घुसपैठियों को सौंपकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएं, यह स्पष्ट संदेश दें कि घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब आपने देश और असम दोनों जगह से कांग्रेस को खदेड़ा और बीजपी-NDA को अवसर दिया तो हमने ईमानदारी से प्रयास शुरू किए। कांग्रेस जहां अपनी स्वार्थी राजनीति के लिए अलग-अलग समुदायों में फूट डाल देती थी, वहां बीजेपी ने स्थायी शांति के लिए काम किया। इसी सोच के साथ बोडो शांति समझौता किया गया।

विकास का नया अध्याय लिख रहा है

उन्होंने कहा कि इस समझौते में पहली बार सभी प्रमुख संगठनों और समूहों को एक साथ लाया गया। बोडोलैंड की अनेक पीढ़ियों को कांग्रेस ने झूठे सपनों में उलझाए रखा। दिल्ली में बैठी कांग्रेस की सरकारों ने सिर्फ दिखावे के लिए कागजी समझौते किए। कोकराझार सहित इस पूरे क्षेत्र ने बीते दशकों में बहुत कुछ सहा था, बहुत कुछ खोया था। हमने वो मुश्किल समय देखा है, जब इन पहाड़ियों में बम-बंदूक की ही गूंज सुनाई देती थी, लेकिन आज ये तस्वीर बदल रही है। आज बोडोलैंड शांति और विकास की राह पर चल पड़ा है। आज असम शांति और विकास का नया अध्याय लिख रहा है।

कांग्रेस झूठे वादों की दुकान है

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादों की दुकान है और एक झूठे वादे के साथ 4 सुपर झूठ गिफ्ट में देती है। क्योंकि उन वादों को पूरा करने का कांग्रेस का इरादा ही नहीं होता। वहीं आपके सामने बीजेपी-NDA का मॉडल है। हमारी डबल इंजन सरकार ने जो भी कहा, उसको सच करने की ईमानदार कोशिश की है। असम की विरासत के संरक्षण और तेज विकास के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार लगातार काम कर रही है।

Next Story