Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

'वोट चोरी' के खिलाफ ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस का हल्ला बोल! राहुल खरगे होंगे शामिल, जानें बीजेपी ने क्या कहा

Shilpi Narayan
14 Dec 2025 12:00 PM IST
वोट चोरी के खिलाफ ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस का हल्ला बोल! राहुल खरगे होंगे शामिल, जानें बीजेपी ने क्या कहा
x

नई दिल्ली। चुनावी प्रक्रिया में कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज करने जा रही है। पार्टी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली का आयोजन करेगी। इस रैली के जरिए कांग्रेस सरकार और निर्वाचन आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्हें कठघरे में खड़ा करेगी। वहीं इस रैली में कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल होंगे।

कई बड़े नेता होंगे शामिल

राहुल गांधी और खरगे करेंगे रैली को संबोधित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के इस रैली को संबोधित करने की संभावना है। इसके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रैली में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

55 लाख हस्ताक्षर जुटाए

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने वोट चोरी के खिलाफ देशभर में अभियान चलाकर करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबूतों के साथ दिखाया है कि वोट चोरी कैसे हो रही है। उन्होंने गृह मंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।

लोकतंत्र को कर रहे कमजोर

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि यह रैली ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे के साथ आयोजित की जा रही है, क्योंकि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। वहीं भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।

कांग्रेस कर रही है घुसपैठियों को बचाने की कवायद

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी रामलीला मैदान में वोट चोरी के खिलाफ रैली कर रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस शासित बाकी राज्यों से भी लोग आ रहे हैं। आश्चर्य की बात है कि लोकतंत्र के मंदिर यानि सदन में चर्चा के बाद भी कांग्रेस पार्टी यह रैली कर रही है। इसी कांग्रेस पार्टी ने SIR पर चर्चा के लिए सदन में आवेदन दिया था, सदन में सभी ने अपने मन की बातों को रखा और केंद्रीय गृह मंत्री ने इसका जवाब भी दिया...एक व्यक्ति जो हमेशा टी शर्ट पहनता है उस दिन खादी पहनकर आता है और उसी से उनके असली रूप का पता चलता है और उन्होंने SIR की एक कहानी गढ़ी... उन्होंने पूरी कहानी गढ़ी और जब गृह मंत्री ने बिंदूवार एक-एक जवाब दिया... सभी विषयों को कांग्रेस पार्टी ने सुना। जब तेलंगाना, हिमाचल, कर्नाटक में वे जीते तब वोट चोरी नहीं हुई लेकिन जहां भाजपा जीती वहां वोट चोरी... जब गृह मंत्री ने घुसपैठियों का जिक्र किया कि कांग्रेस पार्टी घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है तब उन्होंने गतिरोध किया और वॉकआउट किया, इससे साफ है कि यह जो SIR के खिलाफ रैली हो रही है यह घुसपैठियों को बचाने की कवायद कांग्रेस पार्टी कर रही है।

Next Story