
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- काबुल हमले पर...
काबुल हमले पर पाकिस्तान पर भड़के क्रिकेटर राशिद खान, कहा- यह युद्ध अपराध है, सजा दी जाए...

नई दिल्ली। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव चल रहा है। पाकिस्तान ने सोमवार रात काबुल में एक बड़े ड्रग रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल पर एयर स्ट्राइक की जिसमें कम से कम 400 लोग मारे गए और 250 घायल हो गए। जिसके बाद अफगानिस्तान पर हुए हमलों को लेकर क्रिकेटर राशिद खान ने भी गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हमलों के वीडियो शेयर करते हुए इन हमलों पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले केवल विभाजन और नफरत को बढ़ावा देंगे।
राशिद खान ने हमलों को लेकर क्या कहा?
राशिद ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मैं काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण नागरिकों के बड़ी संख्या में माने जाने के कारण दुखी हूं। इन हमलों के जरिए नागरिक घरों, शैक्षणिक संस्थानों या चिकित्सा ढांचे को निशाना बनाया गया है,चाहे जानबूझकर हो या गलती से यह युद्ध अपराध है।
उन्होंने लिखा कि मानव जीवन के प्रति इस तरह की घोर अनदेखी, वह भी पवित्र रमजान के महीने में बेहद निंदनीय और चिंताजनक है। इस तरह के हमले केवल विभाजन और नफरत को बढ़ावा देंगे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से इस मामले में दखल देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस मामले की पूरी जांच की जाए और जो भी जिम्मेदार हो उसे सजा दी जाए।
आगे लिखा कि इस कठिन समय में मैं अपने अफगान भाइयों और बहनों के साथ खड़ा हूं। हम घावों को भरेंगे और एक राष्ट्र के रूप में फिर उठ खड़े होंगे। जैसा कि हम हमेशा करते आए हैं. इंशाअल्लाह।
पाकिस्तान ने किया हमला
दरअसल पाकिस्तान ने सोमवार रात 9 बजे (स्थानीय समय) हुआ, जिसमें ओमिद नाम के 2,000 बेड वाले ड्रग एडिक्ट्स के इलाज वाले हॉस्पिटल को निशाना बनाया गया। अस्पताल के बड़े हिस्से तबाह हो गए, आग लग गई और रेस्क्यू टीम्स अभी भी लोगों को निकाल रही हैं। तालिबान का कहना है कि ये हमला नागरिकों पर हुआ और इसमें बहुत भारी जान-माल का नुकसान हुआ।




