
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- जम्मू से लापता CRPF...
जम्मू से लापता CRPF जवान अभिषेक शर्मा अवसाद की हालत में दिल्ली से मिला, कपड़े अस्त-व्यस्त और 2 दिन से नहीं खाया खाना, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के सीआरपीएफ कैंप से हेड कांस्टेबल अभिषेक शर्मा अचानक लापता हो गए थे। अब वह परिजनों को दिल्ली में अवसाद की हालत में मिले। उनके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उनके भाई ने बताया कि अभिषेक ने 2 दिन से खाना भी नहीं खाया था। परिजन 2 जून को उन्हें लेकर शाहगंज स्थित अपने घर आए। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी में सड़कों पर घूमते आए नजर
अभिषेक शर्मा की 25 मई को आखिरी बार अपने परिवार वालों से बात हुई थी। परिजन उन्हें ढूंढने के लिए उधमपुर कैंप भी गए थे। जिसके बाद 30 मई को उनके एक दोस्त का फोन आया, जिसने 27 मई को अभिषेक का फोन आने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन शाहगंज थाने गए। पुलिस ने उस मोबाइल नंबर की डिटेल निकाली।
वह नंबर मयूर विहार के एक ठेले वाले व्यक्ति का निकला। इसके बाद परिजन दिल्ली पहुंचे। ठेले वाले ने बताया कि एक राहगीर ने उनके फोन से बात की थी और वह बेहाल था। परिजन ने दिल्ली पुलिस की मदद से आसपास के सीसीटीवी की छानबीन करवाई, जिनमें अभिषेक कई जगह सड़कों पर घूमते नजर आए। दूसरे दिन अभिषेक मुखर्जी नगर के पास बीमारी की हालत में मिले। परिजनों का कहना है कि वह गहरे अवसाद में हैं और यह भी नहीं बता पा रहे हैं कि दिल्ली तक कैसे पहुंचे। स्वस्थ होने के बाद ही कुछ पता चल सकेगा।
उधमपुर से हुए थे लापता
दरअसल, अभिषेक उधमपुर सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन में तैनात थे। वह 26 मई की सुबह कैंप से जल्दी लौटने की कहकर निकले थे। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। कैंप के अधिकारियों ने परिजन को फोन कर इसकी सूचना दी और थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद आसपास तलाश भी की।