
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- महाराष्ट्र में चक्रवात...
महाराष्ट्र में चक्रवात 'शक्ति' का प्रकोप! IMD ने जारी किया अलर्ट, भारी बारिश की संभावना

मुंबई। मानसून के बाद अब महाराष्ट्र में चक्रवात 'शक्ति' का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 3 से 7 अक्टूबर 2025 तक के लिए हाई अलर्ट जारी किया है इस चक्रवात की तीव्रता उच्च से मध्यम स्तर की होगी। यह तटीय जिलों के साथ-साथ विदर्भ, मराठवाड़ा और कोकण क्षेत्रों में भारी तबाही मचा सकता है।
इन क्षेत्रों में अलर्ट
IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। ये अलर्ट 7 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। हवाओं की गति 45-65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की संभावना है। तटीय समुदायों को हाई अलर्ट पर रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश की संभावना
चक्रवात 'शक्ति' के प्रभाव से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। खास तौर पर पूर्वी विदर्भ, मराठवाड़ा के कुछ हिस्से और उत्तर कोकण के इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। इस बारिश के कारण निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। नदियों और नालों के उफान पर आने की भी संभावना है।
45-55 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं
मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक 3 से 5 अक्टूबर के बीच उत्तर महाराष्ट्र के तटों पर 45-55 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 65 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं।
मछुआरों को दी गई चेतावनी
IMD के अनुसार, हवा की गति और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इससे समुद्र की लहरें भी रौद्र रूप धारण कर लेंगी। ऐसे में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र समेत पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बरसात होने की चेतावनी जारी की है।
प्रशासन हुआ अलर्ट
महाराष्ट्र सरकार ने भी चक्रवात 'शक्ति' ने निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।