
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- 'बेटी गई, बेटा भी...
'बेटी गई, बेटा भी मरेगा'... NEET छात्रा के परिवार को फिर मिली धमकी

जहानाबाद। जहानाबाद की छात्रा की पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी, इस कड़ी में बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल NEET छात्रा की मौत के बाद से उसका परिवार लगातार डर के साए में जी रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतका के घर की रसोई से फिर से धमकी भरा पर्चा मिला है। पर्चे में लिखा था कि ‘ना मानोगे? बेटी गई, बेटा भी मरेगा 2 दिन में।‘ परिवार ने कहा कि यह दूसरी बार है जब घर के अंदर इस तरह का धमकी भरा नोट मिला है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पहले से तैनात है, इसके बावजूद पर्चा मिलना सुरक्षा कर्मियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों ने इस मामले की सख्त जांच की मांग की है।
धमकी मिलने से परिजन आए दहशत में
जानकारी के अनुसार, छात्रा के परिजनों को दोबारा धमकी दी गई है, इस बार बेटे को जान से मारने की बात की जा रही है। वहीं, दोबारा धमकी मिलने के बाद परिजन अब दहशत में आ गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। छात्रा के पैतृक आवास में खिड़की के बाहर से एक पर्चा घर के अंदर फेंका गया था। इस पर्चे में धमकी भरे शब्दों में लिखा था कि न माना तो बेटी गई, बेटा भी दो दिन में मरेगा। इस धमकी भरे पर्चे के घर में मिलने से परिजनों के बीच डर का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि दिन के वक्त घर की सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात रहता है। इसके बाद भी इस तरह का वाक्या हो रहा है।
तीन दिन पहले भी मिली थी धमकी
इस कड़ी में छात्रा के पिता ने कहा कि हमें फिर से धमकी भरा पर्चा मिला है। तीन दिन पहले भी धमकी मिली थी। दोनों में लिखावट एक जैसी लग रही है। यह किसी बच्चे के द्वारा लिखा हुआ लग रहा है। लेकिन इसमें बड़े लोगों का हाथ भी हो सकता है। ये लोग कौन हैं, यह जांच करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पहले वाले पर्चे की लिखित जानकारी थाने को दी गई। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए एक चौकीदार और दो कांस्टेबल दिए हैं।
प्रशासन बेपरवाह है
छात्रा के पिता ने कहा कि सरकार कहती है कि वो सुरक्षा दे रहे हैं। सब कुछ न्याय संगत हो रहा है लेकिन प्रशासन बिल्कुल निष्क्रिय है। आम जनता की सुरक्षा ककी चिंता प्रशासन को नहीं है। आने वाले वक्त में और असुरक्षा रहेगी। अब केवल भगवान पर ही भरोसा है, वही सुरक्षित रख सकते हैं।
पुलिस की प्रतिक्रिया
वहीं इस संबंध में शकूराबाद थाने से यह जानकारी दी गई कि थाने को अब तक इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। जानकारी मिलते ही मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सीबीआई कर रही जांच
गौरतलब है कि नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अब सीबीआई के द्वारा की जा रही है। सीबीआई इस संबंध में अपने जांच के दायरे को बढ़ा भी रही है। अब दोबारा धमकी मिलने के बाद संदिग्ध मौत का यह मामला और गंभीर होता हुआ नजर आ रहा है।




